दुबई से एक माह बाद पहुंचेगा लालचंद महतो का पार्थिव शरीर

दुबई से एक माह बाद पहुंचेगा लालचंद महतो का पार्थिव शरीर

डीजे न्यूज, बगोदर (गिरिडीह) : बगोदर थाना क्षेत्र के तिरला गांव निवासी प्रवासी मजदूर लालचंद महतो का पार्थिव शरीर मंगलवार को लगभग एक माह बाद दुबई से उनके पैतृक गांव पहुंचेगा। जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह 7:30 बजे उनका शव कोलकाता एयरपोर्ट पहुंचेगा, जहां से एंबुलेंस के माध्यम से तिरला लाया जाएगा।

बताया गया कि लालचंद महतो रोजगार की तलाश में जनवरी में दुबई गए थे। वहां उन्होंने एक निजी कंपनी में काम शुरू किया, लेकिन करीब दो महीने बाद कंपनी ने उन्हें नौकरी से हटा दिया। नौकरी छूटने के बाद वे आर्थिक और मानसिक परेशानियों से जूझने लगे। इसी दौरान उनका पासपोर्ट और वीजा भी गुम हो गया, जिससे उनकी भारत वापसी की राह और कठिन हो गई।

जरूरी दस्तावेज नहीं होने के कारण वे लंबे समय तक दुबई में ही फंसे रहे और स्वदेश लौटने के लिए लगातार प्रयास करते रहे। इसी बीच 5 जुलाई

को तबीयत बिगड़ने के कारण उनकी मौत हो गई।

प्रवासी मजदूरों के हित में कार्य करने वाले समाजसेवी सिकंदर अली ने बताया कि काफी प्रयास और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद लालचंद महतो का पार्थिव शरीर भारत लाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मृतक का परिवार अत्यंत गरीब है। वर्ष 2013 से उनके पिता भी मुंबई से लापता हैं, जिससे परिवार पहले से ही कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहा है।

सिकंदर अली ने झारखंड सरकार से मांग की है कि पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता प्रदान की जाए तथा सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top