अब पंचायत और वार्ड में ही बनेंगे जरूरी प्रमाण-पत्र, 5 से 25 अगस्त तक चलेगा विशेष शिविर

अब पंचायत और वार्ड में ही बनेंगे जरूरी प्रमाण-पत्र, 5 से 25 अगस्त तक चलेगा विशेष शिविर

डीजे न्यूज, गिरिडीह : जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आम लोगों को प्रमाण-पत्र बनवाने के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव के निर्देश पर 5 अगस्त से 25 अगस्त तक जिले की सभी ग्राम पंचायतों एवं शहरी वार्डों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में जाति, आय, आवासीय, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण-पत्र के आवेदन लेकर त्वरित निष्पादन किया जाएगा।

उपायुक्त ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य सरकारी सेवाओं को आमजन तक पहुंचाना तथा प्रमाण-पत्र निर्गत करने की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाना है। इसके लिए सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं अंचल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र की प्रत्येक पंचायत और वार्ड में शिविर आयोजित करने का निर्देश दिया गया है।

शिविरों में पंचायत सचिव और हल्का कर्मी की प्रतिनियुक्ति रहेगी, जो आवेदन प्राप्त कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करेंगे। साथ ही शिविरों की नियमित निगरानी के लिए पर्यवेक्षी पदाधिकारियों की भी तैनाती की जाएगी, ताकि सभी कार्य सुचारु रूप से संपन्न हो सकें।

 

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि शिविरों की तिथि एवं स्थान की जानकारी व्यापक स्तर पर प्रचारित की जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिक इस सुविधा का लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिविर का संचालन पूरी पारदर्शिता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए किया जाए।

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जिन्हें जाति, आय, आवासीय, जन्म या मृत्यु प्रमाण-पत्र की आवश्यकता है, वे निर्धारित तिथि पर अपने क्षेत्र में आयोजित शिविर में आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाएं। इससे लोगों को कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिलेगी और सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेंगी।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top