पीस पोस्टर कॉन्टेस्ट में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, बांटी दिवाली की खुशियां
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद) : मॉडर्न चिल्ड्रन एकेडमी विद्यालय नावागढ़ में शुक्रवार को पीस पोस्टर कॉन्टेस्ट का आयोजन किया गया।
लायंस क्लब बाघमारा के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में सातवीं से नौवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने कला और रंगों के माध्यम से शांति और सौहार्द का संदेश दिया। सफल प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। विद्यालय के निदेशक केएन सिंह एवं प्राचार्य सुशील कुमार ने कहा कि लायंस क्लब समाज सेवा के अपने मूल मंत्र ‘वी सर्व’ हम सेवा करते हैं, की परंपरा को पूरी निष्ठा के साथ निभा रहा है। ऐसे आयोजनों से स्कूली बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा निखरती है। दिवाली पर्व के अवसर पर क्लब की ओर से फुलारीटांड प्राथमिक विद्यालय में सेवा कार्य का आयोजन किया गया। यहां स्कूली बच्चों के बीच पानी की बोतलें, मोमबत्तियां और मिठाइयां बांटीं गई। मौके पर क्लब के मुकेश कुमार राय, हिमांशु जमुआर, एसएन राय, सुभाष वर्णवाल, सौमेन सरकार, सतीश वर्णवाल आदि उपस्थित थे।