रोजगार की राह पर गिरिडीह के ग्रामीण युवा, बेंगाबाद मेले में 185 का हुआ चयन

रोजगार की राह पर गिरिडीह के ग्रामीण युवा, बेंगाबाद मेले में 185 का हुआ चयन

डीजे न्यूज, गिरिडीह : ग्रामीण युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को बेंगाबाद प्रखंड परिसर में DDU-GKY 2.0 के तहत रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में बेंगाबाद, गिरिडीह सदर, पीरटांड़ और गांडेय प्रखंड के युवक-युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान 1015 से अधिक अभ्यर्थियों ने निबंधन कराया, जबकि 185 युवाओं का विभिन्न रोजगार अवसरों के लिए चयन किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। अतिथियों का पारंपरिक झारखंडी माला, टोपी एवं पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया।

इस अवसर पर उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि ग्रामीण युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उन्हें सही मार्गदर्शन, कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार से जोड़ने में अहम भूमिका निभा रही है।

उन्होंने कहा कि रोजगार मेला युवाओं के लिए आत्मनिर्भर बनने और आर्थिक रूप से मजबूत भविष्य तैयार करने का महत्वपूर्ण मंच है। युवाओं को ऐसे अवसरों का लाभ उठाकर अपने कौशल और योग्यता को विकसित करना चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि रोजगारपरक योजनाओं का लाभ अधिकाधिक युवाओं तक पहुंचाया जाए और उन्हें प्रशिक्षण के साथ नियोजन से जोड़ने के लिए प्रभावी पहल की जाए।

मेले में विभिन्न नियोजकों ने युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए। बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी ने ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और कौशल विकास के प्रति बढ़ती रुचि को प्रदर्शित किया।

कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख मीना देवी, बीस सूत्री अध्यक्ष नुनुराम किस्कू, सांसद प्रतिनिधि शिवपूजन राम, रामप्रसाद यादव, पूर्व बीस सूत्री अध्यक्ष सुनील यादव, महेंद्र वर्मा, जिला परिषद सदस्य केदार हाजरा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक जेवियर एक्का, बीडीओ सुनील कुमार मुर्मू, सीओ सफी आलम, जिला प्रबंधक आदित्य कुमार एवं राकेश कुमार सहित अन्य उपस्थित थे। मंच संचालन जिला प्रबंधक स्मिता एक्का ने किया। आयोजन को सफल बनाने में प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक पंकज कुमार वर्मा सहित एहसान, प्रमोद, सुदीप, बसंती, राजेश, रंजीत, नीलम, संगीता, रूबी, लक्ष्मी, बबीता और निशा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top