परिसीमन पर पंडरा बेजरा में ग्रामीण दो फाड़, निरसा या पूर्वी टुंडी को लेकर खींचतान

परिसीमन पर पंडरा बेजरा में ग्रामीण दो फाड़, निरसा या पूर्वी टुंडी को लेकर खींचतान

डीजे न्यूज, पूर्वी टुंडी, धनबाद : पूर्वी टुंडी प्रखंड अंतर्गत पंडरा बेजरा पंचायत के परिसीमन को लेकर बुलाई गई ग्रामीणों की बैठक काफी हो-हंगामे के बाद बिना किसी नतीजे के समाप्त हो गई। वर्तमान में पंचायत का प्रखंड एवं अंचल पूर्वी टुंडी है, जबकि थाना क्षेत्र और विधानसभा क्षेत्र निरसा पड़ता है। जानकारी के अनुसार विगत दिशा की बैठक में निरसा विधायक अरुप चटर्जी ने पंडरा-बेजड़ा पंचायत को निरसा प्रखंड क्षेत्र में शामिल करने की मांग उठाई थी। इसी के तहत जिला प्रशासन के निर्देश पर पंचायत वासियों से रायशुमारी लिया जाना था लेकिन मंगलवार को पंचायत सचिवालय में आयोजित बैठक में इसी विसंगति को लेकर ग्रामीणों के बीच मतभेद उभरकर सामने आया। बैठक में ग्रामीण दो गुटों में बंटे नजर आए। कुछ लोग पंचायत को निरसा थाना एवं प्रखंड क्षेत्र से जोड़कर रखने की मांग कर रहे थे जबकि दूसरा पक्ष पूर्वी टुंडी के साथ रहने के पक्ष में था। दोनों पक्षों के बीच परिसीमन को लेकर काफी देर तक खींचतान होती रही, जिसके कारण ग्रामीणों से अपेक्षित राय भी नहीं ली जा सकी। इस दौरान विवाद ने आरोप-प्रत्यारोप का भी रूप ले लिया। एक पक्ष की ओर से निरसा समर्थकों पर अवैध कोयला कारोबार से जुड़े होने का आरोप लगाया गया, वहीं दूसरे पक्ष पर अवैध बालू के कारोबार में संलिप्तता के आरोप लगाए गए। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। बैठक में मौजूद पंचायत सचिव मो. इफ्तिखार अहमद खान ने बताया कि बैठक का उद्देश्य ग्रामीणों से केवल परिसीमन के संबंध में राय लेना था। लेकिन परिसीमन को लेकर दोनों पक्षों में खींचतान होने के कारण रायशुमारी नहीं हो सकी। उन्होंने बताया कि आगे की प्रक्रिया के लिए बीडीओ से मंतव्य एवं मार्गदर्शन लिया जाएगा।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top