बच्चे समाज की अनमोल धरोहर हैं, उनकी सुरक्षा हम सभी की जिम्मेदारी : न्यायाधीश

बच्चे समाज की अनमोल धरोहर हैं, उनकी सुरक्षा हम सभी की जिम्मेदारी : न्यायाधीश

डीजे न्यूज, धनबाद:  प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा), धनबाद  निकेश कुमार सिन्हा के निर्देश पर जिले में 26 अक्टूबर से सुरक्षित बचपन अभियान के प्रथम चरण के तहत व्यापक जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में बुधवार को डीएवी कुसुंडा के लीगल लिटरेसी क्लब में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अवर न्यायाधीश सह सचिव डालसा मयंक तुषार टोपनो ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए बच्चों के अधिकारों, उनकी सुरक्षा एवं संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने पॉक्सो अधिनियम, 2012 के प्रावधानों, बच्चों के साथ होने वाले यौन अपराधों तथा साइबर अपराधों से बचाव के उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
विद्यालय के प्राचार्य अजीत कुमार दुबे ने डालसा के अधिकारियों एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाने के साथ-साथ जिम्मेदार एवं सुरक्षित नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय प्रबंधन, डालसा की टीम तथा बड़ी संख्या में उपस्थित छात्र-छात्राओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top