परीक्षा में पारदर्शिता की मांग को लेकर भाजयुमो का ऐलान 10 अगस्त को करेंगे विधानसभा का घेराव
डीजे न्यूज, गिरिडीह : JPSC एवं JSSC प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के विरोध में चल रहे छात्र आंदोलन को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने समर्थन देने की घोषणा की है। शनिवार को गिरिडीह के न्यू परिषदन भवन में भाजयुमो जिलाध्यक्ष मिथुन चंद्रवंशी एवं प्रदेश मंत्री संजीव कुमार ने संयुक्त रूप से प्रेस वार्ता कर आंदोलन की आगामी रणनीति की जानकारी दी।
प्रेस वार्ता में भाजयुमो नेताओं ने कहा कि JPSC और JSSC की प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक एवं अन्य अनियमितताओं के आरोप लगातार सामने आते रहे हैं। पूर्व में भी पेपर लीक और विभिन्न कारणों से कई प्रतियोगी परीक्षाएं प्रभावित हुई हैं। इससे परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों में नाराजगी है। नेताओं ने कहा कि ऐसी घटनाओं का सीधा असर छात्रों के भविष्य पर पड़ता है।
भाजयुमो जिलाध्यक्ष मिथुन चंद्रवंशी ने कहा कि छात्रों की मांगों और उनके आंदोलन को संगठन का पूरा समर्थन है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। अभ्यर्थियों के भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रदेश मंत्री संजीव कुमार ने बताया कि आगामी 10 अगस्त को रांची में विधानसभा घेराव का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें पूरे झारखंड से भाजयुमो कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में छात्रों और अभ्यर्थियों से शामिल होने का आह्वान किया गया है। उन्होंने कहा कि गिरिडीह से भी बड़ी संख्या में भाजयुमो कार्यकर्ता और छात्र रांची पहुंचकर विधानसभा घेराव में भाग लेंगे।
भाजयुमो नेताओं ने सरकार से प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आए कथित पेपर लीक और अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता कायम कर ही अभ्यर्थियों का विश्वास बहाल किया जा सकता है।
मौके पर प्रदेश मंत्री संजीव कुमार, भाजयुमो जिलाध्यक्ष मिथुन चंद्रवंशी, श्रेयांश सौरव, राहुल राज सहित अन्य कार्यकर्ता एवं अभ्यर्थी मौजूद थे।