पलाश के पेड़ से लटकता मिला बीस दिनों से लापता युवक का शव, सनसनी

पलाश के पेड़ से लटकता मिला बीस दिनों से लापता युवक का शव, सनसनी

डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद): बलियापुर थाना क्षेत्र के गोलमारा से आधा किमी दूर स्थित जंगल में पलाश पेड़ की टहनी से लटकता हुआ शव पाए जाने की घटना से सनसनी फैल गई। घटना बुधवार की है। शौच के लिए जलहरी तालाब की ओर गए गांव के कुछ युवकों की नजर शव पर पड़ी। शव मिलने की सूचना पाकर लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। शव की पहचान गोलमारा निवासी 27 वर्षीय युवक अनूप सिंह के रूप में हुई है। वह बीते 20  दिनों से लापता था। शव काफी सड़ चुका था तथा बदबू आ रहा था।
सूचना पाकर बलियापुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और तहकीकात की। पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम हेतु धनबाद भेज दिया।

परिजनों के मुताबिक बीते 30 अक्टूबर को वह घर से निकला था। वह एयरटेल कंपनी का सिम बेचने का काम करता था। दिन भर उनके घर वापस नहीं लौटने पर दूसरे दिन 31 अक्टूबर को उनके भाई अमित सिंह ने इस संबंध में बलियापुर थाना को लिखित सूचना दी थी। मृतक गांव के स्वर्गीय जयप्रकाश सिंह के तीन पुत्रों में सबसे छोटा था।  कुछ लोगों का कहना है उनका काफी कर्ज हो जाने के कारण वह डिप्रेशन में रहा करता था। वह अविवाहित था। मृतक की माता मीरा देवी एवं दोनों भाईयों का रो रो कर बुरा हाल है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top