दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में तीन युवक गंभीर रूप से घायल

दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में तीन युवक गंभीर रूप से घायल

डीजे न्यूज, तिसरी, गिरिडीह : तिसरी थाना क्षेत्र के दलपतडीह रोड स्थित कलवा नदी के आगे मंगलवार को दो बाइकों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान सलागाडीह निवासी मुकेश मुर्मू और मंगलदेव मुर्मू तथा दलपतडीह निवासी विजय राय के रूप में हुई है।

घटना के संबंध में बताया गया कि मुकेश मुर्मू और मंगलदेव मुर्मू एक बाइक पर सवार होकर फुटबॉल मैच देखने के लिए कोदाईबांक जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही विजय राय की बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक पर सवार युवक सड़क पर गिर पड़े।

हादसे में मुकेश मुर्मू और मंगलदेव मुर्मू के शरीर, पेट और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। वहीं विजय राय का पैर जख्मी हो गया, जबकि उसके हाथ की एक अंगुली टूट गई है।

घटना की सूचना मिलने पर तिसरी पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को तत्काल तिसरी अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सक ने सभी का प्राथमिक उपचार किया। हादसे के बाद इलाके में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top