बेटे की याद में नम हुईं बाबूलाल मरांडी की आंखें, किक मारकर किया फुटबॉल टूर्नामेंट का उद्घाटन

बेटे की याद में नम हुईं बाबूलाल मरांडी की आंखें, किक मारकर किया फुटबॉल टूर्नामेंट का उद्घाटन

21 वर्षों से लगातार आयोजित हो रहा अनूप मरांडी मेमोरियल टूर्नामेंट, 24 टीमों के बीच होगा मुकाबला

डीजे न्यूज, तिसरी,गिरिडीह: तिसरी प्रखंड के कोदाईबांक स्टेडियम में मंगलवार को स्व. अनूप मरांडी मेमोरियल चार दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ हुआ। सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री सह नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने फुटबॉल में किक मारकर, जबकि सनातन मरांडी ने फीता काटकर टूर्नामेंट का उद्घाटन किया।

उद्घाटन से पूर्व बाबूलाल मरांडी ने आयोजन समिति की ओर से स्टेडियम में लगाए गए अपने दिवंगत पुत्र स्व. अनूप मरांडी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान पुत्र को याद कर उनकी आंखें नम हो गईं। माहौल कुछ देर के लिए भावुक हो गया।

खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि कोदाईबांक समिति पिछले 21 वर्षों से लगातार फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन कर रही है, जो सराहनीय पहल है। जीवन में शिक्षा और अन्य गतिविधियों के साथ खेल भी बेहद जरूरी है। खिलाड़ियों को आपसी प्रेम और खेल भावना के साथ ईमानदारीपूर्वक अपनी टीम के लिए खेलना चाहिए।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। गांवों में भी एक से बढ़कर एक प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं, जो अपने बेहतर प्रदर्शन के दम पर राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकते हैं तथा खेल को अपना करियर बना सकते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से हार से निराश नहीं होने की अपील करते हुए कहा कि खेल में हार-जीत लगी रहती है। खिलाड़ियों को निरंतर मेहनत और अभ्यास करते रहना चाहिए।

आयोजन समिति के अविनाश मरांडी ने बताया कि चार दिवसीय इस टूर्नामेंट में तिसरी प्रखंड के विभिन्न गांवों के अलावा गोड्डा, दुमका और चकाई सहित अन्य क्षेत्रों की कुल 24 टीमें हिस्सा ले रही हैं। उद्घाटन मुकाबला तिसरी के गम्हरियाटांड़ और तिलकीमारन की टीमों के बीच खेला गया।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता की विजेता टीम को 60 हजार रुपये नकद और शील्ड, उपविजेता टीम को 40 हजार रुपये और शील्ड तथा तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 30 हजार रुपये नकद और शील्ड देकर सम्मानित किया जाएगा।

मौके पर भाजपा नेता सनातन मरांडी, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक उपाध्याय, जिला उपाध्यक्ष मनोज यादव, वरिष्ठ भाजपा नेता रामचंद्र ठाकुर, उदय साव, प्रमुख राजकुमार यादव, मंडल अध्यक्ष सुनील साव, मुखिया बसंती मरांडू, अनीता मुर्मू, प्रकाश यादव, सुनील यादव, लक्खी राम हेम्ब्रम, विकास साव, तालों हेम्ब्रम सहित काफी संख्या में खेलप्रेमी और ग्रामीण उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top