जलावन के लिए कोयला चुन रहे 24 वर्षीय युवक की मलबे में दबने से मौत
डीजे न्यूज, कतरास (धनबाद):
मधुबन थाना क्षेत्र अंतर्गत बुदौरा से आशाकोठी खटाल जाने वाले मार्ग पर स्थित एक बंद पड़ी खदान में मंगलवार को अवैध कोयला उत्खनन के दौरान चाल धंसने से मलबे में दबकर 24 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान नवागढ़ केवट टोला निवासी अमरदीप धीवर के रूप में की गई है। वह अपने कुछ साथियों के साथ जलावन के लिए कोयला लाने बंद खदान के पास गया था। कोयला खोदने के क्रम में वह खदान के काफी अंदर चला गया। इसी दौरान खदान के ऊपरी हिस्से की चाल अचानक भरभराकर उसके ऊपर गिरी, जिससे वह मलबे में पूरी तरह से दब गया। हादसे के तुरंत बाद साथियों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे मलबे से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
सूचना पाकर मृतक के परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और शव को उठाकर घर ले आए। अंतिम संस्कार के लिए शव को दामोदर नदी घाट पर ले जाया गया है।