पारंपरिक गौशाला मेले में उमड़ा जनसैलाब, मांदर की खरीदारी को लेकर दिखा खास उत्साह
श्वेता शर्मा और झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने किया उद्घाटन
डीजे न्यूज,पीरटांड़,गिरिडीह : पीरटांड़ प्रखंड के मधुबन मोड़ पर मंगलवार को पारंपरिक गौशाला मेले की रौनक देखते ही बनी। मांदर की गूंज, आदिवासी लोक संस्कृति और ग्रामीणों की चहल-पहल से पूरा मेला परिसर गुलजार रहा। मेले में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। खासकर मांदर की दुकानों पर लोगों की भीड़ उमड़ी। ग्रामीणों ने अपनी पुरानी परंपरा के अनुसार घर ले जाने के लिए मांदर की खरीदारी की। मान्यता है कि गौशाला मेले से मांदर खरीदकर घर ले जाना शुभ होता है। वर्षों से आयोजित हो रहा यह मेला क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत और आदिवासी परंपरा का महत्वपूर्ण प्रतीक बन चुका है।
**श्वेता शर्मा ने किया मेले का उद्घाटन**
मेले का उद्घाटन दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू की पत्नी श्वेता शर्मा और झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। उद्घाटन के बाद दोनों ने मेला परिसर में स्थापित भगवान की प्रतिमा के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान मेला समिति के सदस्यों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर अतिथियों का स्वागत किया।
**मेले को पर्यटन के नक्शे पर लाने की पहल**
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि मधुबन गौशाला मेला क्षेत्र की संस्कृति, परंपरा और पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। मेले को और बेहतर स्वरूप देने तथा इसका विस्तार करने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। इसके विकास को लेकर पर्यटन विभाग से भी बातचीत की जाएगी, ताकि इस पारंपरिक मेले को व्यापक पहचान मिल सके।
उन्होंने दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के योगदान को याद करते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास और मेले के प्रति उनका जुड़ाव हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि श्वेता शर्मा के साथ सभी लोग मजबूती से खड़े हैं। सुदिव्य कुमार सोनू ने सामाजिक जुड़ाव और सहयोग की जो विरासत छोड़ी है, उसे आगे बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयास किया जाएगा।
**श्वेता शर्मा ने आयोजन समिति को दी बधाई**
मुख्य अतिथि श्वेता शर्मा ने मेला समिति और आयोजन से जुड़े लोगों की सराहना करते हुए कहा कि मेले का आयोजन काफी बेहतर तरीके से किया गया है। ग्रामीणों में इसे लेकर उत्साह और उमंग देखने को मिल रहा है। उन्होंने मेले में पहुंचे लोगों से आयोजन का आनंद लेने और इसकी रौनक बढ़ाने की अपील की।
मौके पर जिला प्रवक्ता कृष्ण मुरारी शर्मा, महताब मिर्जा, पीरटांड़ प्रखंड अध्यक्ष बिरजू मरांडी, प्रखंड कोषाध्यक्ष अंबिका राय, महावीर मुर्मू, दिलीप मुर्मू, सुरेश हेंब्रम, मुंशी जी, शेखर महतो, ताज हुसैन, नीलकंठ महतो, झरीलाल महतो समेत मेला समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।