पिपराडीह में बिजली संकट से ग्रामीण बेहाल, एक घंटे में ही जल गया 63 केवीए ट्रांसफार्मर

पिपराडीह में बिजली संकट से ग्रामीण बेहाल, एक घंटे में ही जल गया 63 केवीए ट्रांसफार्मर

डीजे न्यूज, पीरटांड़, गिरिडीह : प्रखंड के हरलाडीह पंचायत अंतर्गत पिपराडीह गांव में पिछले करीब दो माह से बिजली संकट बना हुआ है। बार-बार ट्रांसफार्मर जलने से ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने कार्यपालक विद्युत अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल गिरिडीह को आवेदन देकर गांव में 100 केवीए क्षमता का नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की है।

ग्रामीणों के अनुसार, गांव में पहले 25 केवीए का ट्रांसफार्मर लगा था, जो जल गया। इसके बाद 31 जुलाई को 25 केवीए का दूसरा ट्रांसफार्मर लगाया गया, लेकिन वह भी तीन अगस्त को जल गया। इसके बाद छह अगस्त को विभाग ने 63 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाया। ग्रामीणों को उम्मीद थी कि अब बिजली समस्या दूर हो जाएगी, लेकिन लोड देने के महज एक घंटे के अंदर ही 63 केवीए का ट्रांसफार्मर भी जल गया।

ग्रामीण उपेंद्र कुमार पंडित ने कहा कि बार-बार कम क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो रहा है। गांव में बिजली का लोड काफी बढ़ चुका है। 63 केवीए का ट्रांसफार्मर भी महज एक घंटे में जल जाना स्थिति की गंभीरता को दर्शाता है।

महेंद्र दत्ता ने कहा कि बिजली संकट के कारण ग्रामीणों के साथ-साथ किसानों, दुकानदारों और छोटे कारोबारियों को भी भारी परेशानी हो रही है। करीब दो माह से लोग समस्या झेल रहे हैं। अब केवल ट्रांसफार्मर बदलने के बजाय स्थायी समाधान की जरूरत है।

संतोष पंडित ने कहा कि लगातार ट्रांसफार्मर जलने से स्पष्ट है कि वर्तमान क्षमता गांव के लिए पर्याप्त नहीं है। विभाग को अब 100 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली समस्या का स्थायी समाधान करना चाहिए।

उत्तम मदक और विशाल कुमार राय ने कहा कि बिजली संकट का असर गांव के हर वर्ग पर पड़ रहा है। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने के साथ किसानों और दुकानदारों के कामकाज पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। विभाग को मामले में तत्काल पहल करनी चाहिए।

चंदन पंडित और रोहित कुमार ने कहा कि ग्रामीण लंबे समय से परेशानी झेल रहे हैं। विभाग को आवेदन पर शीघ्र कार्रवाई करते हुए 100 केवीए का ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराना चाहिए।

आवेदन पर रवि रंजन कुमार, अमोज मदक, धीरज कुमार वर्मा, परमेश्वर महतो, दीपक कुमार महतो, चंदन मोहली, अनमोल कुमार, रोहित कुमार, बाबन मदक, उपेंद्र कुमार पंडित समेत कई ग्रामीणों ने हस्ताक्षर किए हैं।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द बिजली संकट का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। अब ग्रामीणों की नजर बिजली विभाग की कार्रवाई पर टिकी है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top