देवरी में लगातार बारिश से गरीब का कच्चा मकान ढहा, बाल-बाल बचा परिवार 

देवरी में लगातार बारिश से गरीब का कच्चा मकान ढहा, बाल-बाल बचा परिवार 

 PM आवास की लगाई गुहार

डीजे न्यूज, देवरी, गिरिडीह : बीते चार-पांच दिनों से लगातार हो रही झमाझम बारिश ने एक गरीब परिवार की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। यह नजारा देवरी प्रखंड स्थित हरियाडीह पंचायत अंतर्गत पांडेडीह गांव निवासी नूतन मुर्मू के कच्चे मकान का है, जो लगातार बारिश के कारण भरभराकर गिर गया।

बताया गया कि बारिश के चलते खपड़ैल से पानी टपक रहा था। पानी रिसने से मिट्टी की दीवारें पूरी तरह गीली और कमजोर हो गई। देखते ही देखते मकान की दीवार धराशायी हो गई और छत पर लगे सारे खपड़ैल भी टूटकर नष्ट हो गए, जिससे परिवार को हजारों रुपये का नुकसान हो गया।

गनीमत रही कि जिस वक्त मकान गिरा, उस समय वहां कोई मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

पीड़ित नूतन मुर्मू ने बताया कि उनकी आर्थिक स्थिति इतनी कमजोर है कि वे मकान की तत्काल मरम्मत कराने में भी सक्षम नहीं हैं। मकान गिर जाने से परिवार के सामने रहने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। उन्होंने स्थानीय प्रशासन से प्रधानमंत्री आवास या अबुआ आवास योजना के तहत पक्का मकान उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top