पेल्विस और हिप सर्जरी की बारीकियों से रूबरू हुए युवा चिकित्सक, विशेषज्ञों ने लाइव डेमो से सिखाए ऑपरेशन के गुर

पेल्विस और हिप सर्जरी की बारीकियों से रूबरू हुए युवा चिकित्सक, विशेषज्ञों ने लाइव डेमो से सिखाए ऑपरेशन के गुर

दो दिवसीय पांचवीं धनबाद ऑर्थोपेडिक सर्जन कॉन्फ्रेंस का समापन, देशभर से जुटे हड्डी रोग विशेषज्ञों ने साझा किए आधुनिक सर्जरी के अनुभव

डीजे न्यूज, गोविंदपुर,धनबाद : पांचवीं धनबाद ऑर्थोपेडिक सर्जन कॉन्फ्रेंस-2026 के अंतिम दिन रविवार को शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल के एनाटॉमी हॉल में युवा हड्डी रोग विशेषज्ञों को पेल्विस और हिप सर्जरी की आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे विशेषज्ञ चिकित्सकों ने वास्तविक मानव शरीर पर सर्जरी का प्रदर्शन कर नई पीढ़ी के सर्जनों को ऑपरेशन की बारीकियों से अवगत कराया।

इस दौरान कोलकाता से पहुंचे डॉ. राकेश राजपूत, कानपुर के डॉ. नदीम फारुकी और पुणे के डॉ. सागर कदम ने युवा ऑर्थोपेडिक सर्जनों को पेल्विस एवं हिप सर्जरी की विस्तृत जानकारी दी। विशेषज्ञों ने बताया कि दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल मरीजों के उपचार के दौरान रक्तस्राव को कैसे नियंत्रित किया जाए और समय रहते किस प्रकार मरीज की जान बचाई जा सकती है। साथ ही संवेदनशील ऑपरेशन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और संभावित गलतियों से बचने के उपाय भी बताए गए।

प्रशिक्षण के दौरान युवा चिकित्सकों ने विशेषज्ञों से कई सवाल पूछे, जिनका विस्तार से जवाब दिया गया। वास्तविक मानव शरीर पर सर्जरी की प्रक्रिया को नजदीक से देखकर युवा चिकित्सकों को आधुनिक ऑपरेशन तकनीकों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ।

इसके साथ ही दो दिवसीय सम्मेलन का समापन हो गया। ऑर्थोपेडिक क्लब धनबाद के अध्यक्ष डॉ. संजय चौधरी ने देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे चिकित्सकों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष भी इस तरह का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन के सचिव एवं कार्यक्रम संयोजक डॉ. धीरज चौधरी ने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवा चिकित्सकों का ज्ञान और कौशल बढ़ता है। उन्हें आधुनिक सर्जरी की तकनीकों को समझने का अवसर मिलता है, जिसका सीधा लाभ मरीजों को मिलता है।

कार्यक्रम के सह संयोजक डॉ. कारणदीप संधू ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि यह सम्मेलन धनबाद सहित आसपास के क्षेत्रों के हड्डी रोग विशेषज्ञों के लिए काफी उपयोगी रहा। युवा चिकित्सकों को देश के प्रसिद्ध हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. रमेश सेन समेत कई अनुभवी चिकित्सकों का मार्गदर्शन मिला। इससे उनका आत्मविश्वास बढ़ा और उन्हें ऑपरेशन की प्रक्रिया को करीब से समझने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में मिली जानकारी का लाभ आने वाले समय में धनबाद और आसपास के मरीजों को मिलेगा।

सम्मेलन के दौरान विभिन्न हड्डी रोग विशेषज्ञों ने अपने शोध पत्र भी प्रस्तुत किए। मौके पर डॉ. राकेश अग्रवाल, डॉ. मनीष राज, डॉ. आनंद शंकर, डॉ. आकाश, सुनील हाजरा, डॉ. प्रियंक बागथरिया, डॉ. सुशील सिंह, डॉ. शशांक कंचन, डॉ. निर्मल कुमार, डॉ. द्विवेदी कनक भूषण, डॉ. आशीष बजाज और डॉ. आनंद मोदी समेत कई चिकित्सक उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top