डुमरी के छह केंद्रों पर शांतिपूर्ण हुई जेटेट परीक्षा, कई केंद्रों पर बड़ी संख्या में परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित

डुमरी के छह केंद्रों पर शांतिपूर्ण हुई जेटेट परीक्षा, कई केंद्रों पर बड़ी संख्या में परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित

प्रथम पाली में कक्षा छह से आठ और द्वितीय पाली में कक्षा एक से पांच के शिक्षकों के लिए हुई परीक्षा

डीजे न्यूज, डुमरी,गिरिडीह : डुमरी प्रखंड के छह परीक्षा केंद्रों पर रविवार को झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) शांतिपूर्ण एवं कदाचार मुक्त संपन्न हुई। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई। प्रथम पाली में कक्षा छह से आठ तथा द्वितीय पाली में कक्षा एक से पांच तक के शिक्षकों के लिए परीक्षा ली गई। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली की परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम 4:30 बजे तक चली।

परीक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से सभी केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी गई थी। वहीं परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए सभी केंद्रों पर प्रकाश, पेयजल एवं स्वास्थ्य संबंधी समुचित व्यवस्था की गई थी।

प्रखंड के जिन छह केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई, उनमें पारसनाथ इंटर कॉलेज, झारखंड इंटर कॉलेज, एसएसकेबी हाई स्कूल, पीएनडी जैन हाई स्कूल, प्रोग्रेसिव पब्लिक स्कूल तथा यूएचएस गलागी शामिल हैं।

पारसनाथ इंटर कॉलेज के प्राचार्य सह केंद्राधीक्षक (सीएस) प्रो. सुनील कुमार सिंह ने बताया कि उनके केंद्र पर प्रथम पाली में 329 परीक्षार्थियों में से 34 अनुपस्थित रहे, जबकि द्वितीय पाली में 281 में से 16 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।

वहीं, झारखंड इंटर कॉलेज के प्राचार्य सह सीएस प्रो. अजय कुमार महतो ने बताया कि उनके केंद्र पर प्रथम पाली में 376 में से 35 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे, जबकि द्वितीय पाली में 321 में से 12 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।

एसएसकेबी हाई स्कूल के प्रभारी प्रधानाध्यापक सह सीएस गिरधारी महतो ने बताया कि उनके केंद्र पर प्रथम पाली में 435 में से 45 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे, जबकि द्वितीय पाली में 371 में से 18 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल नहीं हुए।

पीएनडी जैन हाई स्कूल के प्रिंसिपल सह सीएस सुनील कुमार जैन ने बताया कि उनके केंद्र पर प्रथम पाली में 392 में से 165 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे, जबकि द्वितीय पाली में 333 में से 139 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।

प्रोग्रेसिव पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल सरवर अली ने बताया कि उनके केंद्र पर प्रथम पाली में 490 में से 38 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे, जबकि द्वितीय पाली में 418 में से 14 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।

इसी प्रकार यूएचएस गलागी के प्रभारी प्रधानाध्यापक सह सीएस बाबूचंद साव ने बताया कि उनके केंद्र पर प्रथम पाली में 490 में से 204 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे, जबकि द्वितीय पाली में 418 में से 160 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top