पपरवाटांड छठ घाट केअतिक्रमण से भड़के ग्रामीण, महिलाओं ने खूंटे और खंभें उखाड़े 

पपरवाटांड छठ घाट केअतिक्रमण से भड़के ग्रामीण, महिलाओं ने खूंटे और खंभें उखाड़े 

डीजे न्यूज, गिरिडीह : आस्था के महापर्व छठ से पहले पपरवाटांड के एकमात्र छठ घाट की जमीन पर कथित अतिक्रमण को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। घाट की जमीन पर खूंटे और खंभे गाड़कर कब्जा करने की कोशिश का ग्रामीणों ने रविवार को कड़ा विरोध किया है। मौके पर जुटी महिलाओं ने विरोध जताते हुए लगाए गए खूंटे और खंभों को खुद ही उखाड़ दिया। इसके बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने एकजुट होकर प्रशासन से छठ घाट को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की।

किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं होगा अतिक्रमण : शिवनाथ साव

स्थानीय मुखिया शिवनाथ साव ने कहा कि पपरवाटांड के छठ घाट का अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि अतिक्रमणकारियों को पिछले वर्ष भी चेतावनी दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद छठ घाट की जमीन पर कच्चा मकान बना दिया गया। इस मामले में सीसीएल प्रबंधन और जिला प्रशासन को लिखित आवेदन भी दिया जा चुका है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से अविलंब ठोस कार्रवाई करने की मांग की, ताकि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।

धार्मिक आस्था से जुड़े स्थल को सुरक्षित रखना जरूरी : कामेश्वर पासवान

मौके पर पहुंचे भाजपा नेता कामेश्वर पासवान ने कहा कि पपरवाटांड में यह एकमात्र छठ घाट है। ऐसे महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल की जमीन पर अतिक्रमण का प्रयास निंदनीय है। छठ महापर्व पूरे समाज की आस्था से जुड़ा है। इसलिए इसकी मर्यादा और सार्वजनिक उपयोग की जमीन का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मामले में शीघ्र हस्तक्षेप कर घाट को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की।

सीसीएल महाप्रबंधक को सौंपा मांग पत्र

ग्रामीणों और स्वामी विवेकानंद छठ पूजा समिति के प्रतिनिधियों ने सीसीएल बनियाडीह के महाप्रबंधक को आवेदन सौंपकर छठ घाट की जमीन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। आवेदन में बताया गया है कि पपरवाटांड कॉलोनी और ग्रामीण बस्ती के समीप सुखनी नदी/नाले के किनारे स्थित सीसीएल की जमीन पर पहले भी अतिक्रमण का प्रयास हुआ था, जिसे अधिकारियों ने हटाया था। अब दोबारा जमीन घेरने और निर्माण करने की कोशिश की जा रही है। इस मामले में ग्रामीणों ने उपायुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी और मुफस्सिल थाना प्रभारी को भी आवेदन की प्रतिलिपि भेजी है। ग्रामीणों ने मांग की है कि छठ पर्व से पहले घाट को अतिक्रमण मुक्त कराकर श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित बनाया जाए।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top