गिरिडीह के 46 केंद्रों पर शांतिपूर्ण हुई जेटेट की परीक्षा, 32,041 परीक्षार्थी हुए शामिल
डीडीसी स्मृता कुमारी समेत वरीय अधिकारियों ने किया परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण, संयुक्त जिला नियंत्रण कक्ष से होती रही निगरानी
डीजे न्यूज, गिरिडीह : झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET)-2026 का गिरिडीह जिले में रविवार को शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन संपन्न हुआ। परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव के निर्देशानुसार जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा एवं निगरानी के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। इस दौरान उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, अपर समाहर्ता वैभव कुमार सिंह सहित अन्य वरीय पदाधिकारियों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर परीक्षा संचालन, विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
46 केंद्रों पर 32,041 परीक्षार्थियों ने दी परीक्षा
जेटेट-2026 के लिए गिरिडीह जिले में कुल 46 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जहां 32,041 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा के सुचारू संचालन एवं सतत निगरानी के लिए जिला स्तर पर संयुक्त जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया था। नियंत्रण कक्ष में उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, अपर समाहर्ता वैभव कुमार सिंह, जिला शिक्षा अधीक्षक सहित अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहकर परीक्षा संचालन की गतिविधियों पर पैनी नजर बनाए हुए थे। सभी परीक्षा केंद्रों से प्राप्त सूचनाओं एवं गतिविधियों की नियमित समीक्षा की गई। केंद्रों पर विधि-व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं परीक्षा संचालन की स्थिति की लगातार निगरानी की गई। किसी भी प्रकार की समस्या अथवा संभावित अनियमितता की सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित पदाधिकारियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखा गया।
सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता का लिया जायजा
निरीक्षण के क्रम में वरीय अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश की प्रक्रिया, परीक्षार्थियों की जांच, परीक्षा संचालन की व्यवस्था, सुरक्षा इंतजामों तथा केंद्रों पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता का जायजा लिया। साथ ही केंद्राधीक्षकों, वीक्षकों, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को पूरी निष्पक्षता, सतर्कता एवं जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।
वरीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता अथवा कदाचार को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी अभ्यर्थियों को बिना किसी भेदभाव के निष्पक्ष, सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण में परीक्षा देने का अवसर उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।
सभी केंद्रों पर प्रभावी रही सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था
जिला प्रशासन की सतत निगरानी एवं समन्वित प्रयासों के फलस्वरूप जिले के सभी 46 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा का संचालन व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे सक्रिय पाए गए तथा पुलिस एवं दंडाधिकारियों की मौजूदगी में अभ्यर्थियों की जांच की गई। परीक्षा समाप्ति तक सभी केंद्रों पर सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था प्रभावी रूप से बनी रही। वरीय अधिकारियों की प्रत्यक्ष निगरानी एवं संयुक्त जिला नियंत्रण कक्ष के माध्यम से किए गए समन्वय ने परीक्षा के निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन को सुनिश्चित किया।