पीवीटीजी परिवारों को योजनाओं से जोड़ने के लिए जिला प्रशासन का विशेष अभियान शुरू
डीजे न्यूज, गिरिडीह : जिले के विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (PVTG) परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा 18 मई से 25 मई तक विशेष जागरूकता एवं लाभुक संतृप्तिकरण अभियान चलाया जाएगा। उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी रामनिवास यादव ने बताया कि अभियान के सफल संचालन को लेकर सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि यह अभियान जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार एवं झारखंड सरकार के अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के निर्देशानुसार आयोजित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य पीवीटीजी समुदायों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना तथा उन्हें शत-प्रतिशत लाभ उपलब्ध कराना है।
अभियान के तहत चिन्हित पीवीटीजी गांवों में “Beneficiary Saturation Camps” लगाए जाएंगे। इन शिविरों में स्वास्थ्य जांच, विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी, शिकायत निवारण, आधारभूत सुविधाओं से संबंधित सहायता तथा अधिकारों के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उपायुक्त ने बताया कि 18 मई को “जन भागीदारी सप्ताह” के साथ अभियान की शुरुआत होगी। 19 मई से 25 मई तक गांव-गांव में नियमित शिविर आयोजित किए जाएंगे। वहीं 20 मई को “Village Immersion Drive” के तहत अधिकारी एवं सामाजिक संगठन गांवों में पहुंचकर लोगों की समस्याओं और जरूरतों का आकलन करेंगे।
इसके अलावा 21 से 23 मई तक जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित कर शिकायतों के त्वरित निष्पादन पर विशेष जोर दिया जाएगा। 24 मई को अभियान की प्रगति रिपोर्ट एवं दस्तावेज तैयार किए जाएंगे, जबकि 25 मई को समाहरणालय में समीक्षा बैठक आयोजित कर अभियान की उपलब्धियों एवं भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा की जाएगी।
उपायुक्त रामनिवास यादव ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया है कि अभियान को संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ संचालित करते हुए यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र लाभुक सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे।