पीरटांड़ में श्रद्धा और भक्ति के साथ मना भोक्ता पर्व, कुड़को में लगा भव्य मेला

Advertisements

पीरटांड़ में श्रद्धा और भक्ति के साथ मना भोक्ता पर्व, कुड़को में लगा भव्य मेला

डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह) : पीरटांड़ प्रखंड के कुड़को, पर्वतपुर और राजो मधुपुर गांव में तीन दिवसीय भोक्ता पर्व श्रद्धा और आस्था के साथ सम्पन्न हो गया। रविवार को मेले के आयोजन के साथ इस पावन पर्व का समापन हुआ। शिवभक्तों की भारी भीड़ और भक्ति रस में डूबी हुई फिजाओं के बीच यह पर्व पूरे उल्लास के साथ मनाया गया।

भोक्ता पर्व शिवजी की आराधना हेतु मनाया जाता है, जिसे क्षेत्र में चड़क पर्व, बिशुआ पर्व आदि नामों से भी जाना जाता है। इस पर्व के दौरान श्रद्धालु शिवजी से मन्नतें मांगते हैं, और मन्नत पूर्ण होने पर कठिन व्रत रखते हैं। विशेष रूप से कुड़को में इस व्रत को लेकर अधिक श्रद्धालु भाग लेते हैं।

पर्व की विशेषता यह है कि भक्त पीठ में कील धंसाकर लकड़ी के खंभे में झूलते हैं और चारों दिशाओं में घुमाए जाते हैं। इस दौरान भक्तों द्वारा नीचे फेंके गए फूल और अन्य पूजन सामग्री को लोग आस्था से सहेजकर रखते हैं। इसे पुण्यदायी माना जाता है।

कुड़को गांव में पर्व को भव्य रूप से मनाने के लिए स्थानीय समिति का गठन किया गया, जिसके द्वारा विशाल मेले का आयोजन किया गया। वहीं पर्वतपुर और राजो मधुपुर में भी स्थानीय लोगों के सहयोग से पर्व शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराया गया।

बताया गया कि चित्र मास की पूर्णिमा को इन गांवों में भोक्ता पर्व मनाया जाता है, जबकि पालगंज क्षेत्र में इसे वैशाख मास में मनाने की परंपरा है। पालगंज के बिशुआ पर्व का आयोजन आगामी शुक्रवार को किया जाएगा, जबकि शनिवार को वहां मेला लगेगा।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top