बलियापुर की खबरें:-

बलियापुर की खबरें:-

संगठन को मजबूत करने पर जोर

बलियापुर: पांडेडीह स्थित मंडल टोला में  मंगलवार को झारखंड बांग्ला भाषा उन्नयन समिति की बैठक अंगद मंडल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में बांग्ला भाषा के विकास के लिए संगठन को मजबूत बनाने पर विचार विमर्श किया गया। बैठक में मुकुल चंद्र रोहिदास, रघुनाथ मंडल, भीम मंडल, माधुरी देवी, बीनी मंडल, सुझाव मंडल, सुमा मंडल, कल्याणी देवी, रीता देवी, बुलू देवी, कुमकुम मंडल, कुन्ती मंडल आदि मौजूद थे।
————————————————-
प्रखंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ

बलियापुर:  प्रखंड स्तरीय दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ मंगलवार को खेतटांड़ फुटबॉल मैदान में हुआ । उद्घाटन प्रखंड प्रमुख पिंकी देवी एवं उप प्रमुख आशा देवी ने किया। खेलकूद प्रतियोगिता के बालिका वर्ग के जैवलिन थ्रो में बॉबी कुमारी एवं प्रिया महतो चयनित हुई। शॉट पुट में रूमा कुमारी एवं राज्यश्री महतो तथा डिस्कस थ्रो में दीपिका कुमारी एवं रूमा कुमारी चयनित हुई। वहीं बालक वर्ग के शॉट पुट में जयदेव कुमार महतो, मोहम्मद अलाउद्दीन एवं राजकुमार महतो का चयन हुआ। 100 मीटर दौड़ में अर्जुन सोरेन, जगदीश कुमार महतो एवं मुकेश हेंब्रम तथा 200 मीटर दौड़ में मोहित मोदी, सूरज सोरेन एवं आशीष कुमार महतो विजेता बने। फुटबॉल प्रतियोगिता में प्लस टू हाई स्कूल बलियापुर विजेता एवं उत्क्रमित उच्च विद्यालय डांगेपाड़ा उपविजेता रहे। जबकि वॉलीबॉल प्रतियोगिता में प्लस टू उच्च विद्यालय बलियापुर विजेता एवं डांगेपाड़ा स्कूल की टीम उप विजेता रही। मौके पर बीपीओ हरि गोपाल प्रसाद, आदित्य प्रसाद मिर्धा,स्वप्न कुमार महतो, शैलेन मंडल आदि थे।
—————————————————–

गणेश भगवान की प्रतिमा दर्शन को उमड़ी भीड़

बलियापुर: बलियापुर दुर्गा मंदिर व हटिया परिसर में आयोजित सप्ताहव्यापी गणेश पूजा मेला में भगवान की पूजा अर्चना एवं प्रतिमा के दर्शन हेतु श्रद्धालुओं की काफी भीड़ जुटी रही है। मालूम हो कि बलियापुर दुर्गा मंदिर व हटिया परिसर में चार साल से गणेश चतुर्दशी के मौके पर भगवान गणेश की प्रतिमा  स्थापित कर पूजा अर्चना एवं मेला का आयोजन होता है। गणेश पूजा को लेकर मंदिर प्रांगण में भव्य एवं आकर्षक पंडाल बनाया गया है। गणेश मेला में के दूसरे दिन मंगलवार को  प्रतिमा के दर्शन एवं पूजा अर्चना हेतु श्रद्धालुओं का आना जाना दिन भर लग रहा। मेला कार्यक्रम को सफल बनाने में मुखिया विजय गोराई, घनश्याम ग्रोवर, रविन्द्र शर्मा समेत मेला कमेटी से जुड़े लोग काफी सक्रिय है।
——————————————————–

वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में लूट मामले में प्राथमिकी दर्ज

बलियापुर: कुसमाटांड़ वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में  रविवार की रात हुई लूट की घटना के विरुद्ध पीएचईडी विभाग के कनीय अभियंता लखीराम मांझी के शिकायत पर बलियापुर थाना में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मालूम हो कि रविवार की रात वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के कर्मियों को कब्जे में कर अपराधियों ने 3 घंटे तक लूटपाट मचाया था। अपराधियों ने प्लांट के विद्युत ट्रांसफार्मर में लगे पार्ट्स पुर्जे,कापर का केबल आदि लाखों का सामान लूट कर ले गया था। कनीय अभियंता ने कहा कि लूटे गए विद्युत ट्रांसफार्मर के पुर्जे को बनाने में  पांच लाख से अधिक का खर्च आएगा। बलियापुर पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात अपराधियों की तलाश में जुट गई है।
——————————————————-
करमा महोत्सव में भाग लेने की अपील
बलियापुर: कुसमाटांड़ में मंगलवार की शाम बृहत झारखंड आदिवासी कुड़मी मंच की बैठक संपन्न हुई। मंच के नेता पुरुलिया निवासी अजीत प्रसाद महतो ने 20 सितंबर को पुरूलिया के कोड़ाडीह गांव में आयोजित होने वाले करम महा जुड़वाही समारोह में आने की अपील की। केंद्रीय अध्यक्ष शशांक शेखर महतो, महासचिव नीरीश कुमार महतो, तारा देवी, मंटू महतो, जगन्नाथ महतो , हलदर महतो, चौधरी चरण महतो, मुखिया दिलीप महतो, नरेश महतो, स्वप्न महतो, परमेश्वर महतो, संजय महतो, राजेश महतो समेत सैकड़ो लोग उपस्थित थे।
——————————————
बलियापुर के प्रवासी मजदूर की चेन्नई में मौत

बलियापुर: कुयलुडीह गांव से मजदूरी करने चेन्नई गए 52 वर्षीय अमृत महतो की तबीयत बिगड़ने से मंगलवार को उनका निधन हो गया। जानकारी के अनुसार वह वर्ष 2017 से  चेन्नई स्थित रासी ग्राफिक प्राइवेट लिमिटेड में काम करता था। अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उनका निधन हो गया। घटना की सूचना विधायक चंद्रदेव महतो को दिए जाने के बाद उन्होंने धनबाद के सहायक श्रमायुक्त व नोडल पदाधिकारी को पत्र लिखकर प्रवासी मृत मजदूर का शव उनके घर पर लाने एवं मृतक के परिवार को सरकार की ओर से आर्थिक सहयोग दिलाने की मांग किया है। मृतक के परिवार में उनके दो बेटे एवं दो शादीशुदा पुत्रियां है। सभी का रो-रो कर बुरा हाल है । इस घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top