पीरटांड़ में हाथियों का उत्पात, किसानों की फसलें रौंदी
डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह) : पीरटांड़ प्रखंड के कुडको पंचायत अंतर्गत कई गांवों में बुधवार की रात जंगली हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया। हाथी खेतों में घुस गया और खड़ी फसलों को रौंद डाला, जिससे किसानों को भारी नुकसान हुआ।
जानकारी के अनुसार, रानीबांध के समीप स्थित खेतों में मंगर हांसदा, साहेबराम हांसदा और महेश हांसदा की फसलें हाथी के हमले का शिकार हो गईं। हाथियों ने फसलों को बुरी तरह नुकसान पहुंचाया, जिससे प्रभावित किसानों में चिंता का माहौल है।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार हाथियों की आवाजाही से जान-माल का खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से अविलंब कार्रवाई करते हुए हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने तथा क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।
बताया जाता है कि पीरटांड़ क्षेत्र में पिछले 25 वर्षों से हाथियों का उत्पात जारी है, जिससे ग्रामीण लगातार परेशान हैं।