पांच हजार कार्यकर्ताओं के साथ दुमका में पदयात्रा की तैयारी, भाजपा ने बनाई रणनीति

पांच हजार कार्यकर्ताओं के साथ दुमका में पदयात्रा की तैयारी, भाजपा ने बनाई रणनीति

डीजे न्यूज, दुमका : 5 नवंबर को प्रस्तावित भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा को सफल बनाने के लिए शनिवार को दुमका परिसदन में पार्टी पदाधिकारियों की बैठक हुई। जिलाध्यक्ष रूपेश मंडल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील सोरेन और जिला संगठन प्रभारी अशोक उपाध्याय मुख्य रूप से शामिल हुए। बैठक में पदयात्रा की तैयारियों और संगठनात्मक रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। पार्टी ने इस कार्यक्रम में दुमका जिले से करीब पांच हजार कार्यकर्ताओं और समर्थकों को शामिल करने का लक्ष्य निर्धारित किया।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा ने कार्यकर्ताओं को पदयात्रा की सफलता के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ी है। इसके विपरीत विपक्ष जनता को दिग्भ्रमित कर सत्ता परिवर्तन की राजनीति कर रहा है।उन्होंने कहा कि पदयात्रा के माध्यम से कार्यकर्ता समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचेंगे। विशेष रूप से जनजातीय समाज के बीच जाकर एसआईआर यानी विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया और उसके महत्व के बारे में जागरूकता फैलाएंगे। उनके अनुसार, एसआईआर का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और विश्वसनीय बनाना है, ताकि निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित हो सके।

गणेश मिश्रा ने आरोप लगाया कि कुछ लोग लोकतांत्रिक प्रक्रिया को लेकर जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से तथ्यों के साथ जनता के बीच अपनी बात रखने और व्यापक जनजागरण अभियान चलाने का आह्वान किया।

बैठक में तय किया गया कि पदयात्रा को सफल बनाने के लिए जिला से लेकर मंडल स्तर तक व्यापक तैयारियां की जाएंगी। सभी मंडलों के पदाधिकारियों और विभिन्न मोर्चों को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। पार्टी नेताओं ने एकजुट होकर कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया।

बैठक का संचालन जिला महामंत्री बिमल मरांडी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिला महामंत्री मृणाल मिश्रा ने किया। मौके पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रविकांत मिश्रा, सीताराम पाठक, सुरेश मुर्मू, परितोष सोरेन, निवास मंडल, पिंटू अग्रवाल, निवर्तमान जिलाध्यक्ष गौरवकांत, मनोज पांडेय, पवन केसरी, जयप्रकाश मंडल, सोनी हेंब्रम, बबलू मंडल, मनोज सिंह पहाड़िया, गायत्री जायसवाल, विश्वनाथ राय, अनहद लाल, नवल किस्कू, संतोष साह, कालेश्वर लायक, विवेकानंद राय, धर्मेंद्र सिंह बिट्टू, दीप्तांशु कोचगवे सहित सभी मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी, प्रवासी और विभिन्न मोर्चों के जिलाध्यक्ष व कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top