राष्ट्रीय एकता दिवस पर बच्चों ने दिखाई देशभक्ति की झलक, गावां में निकली तिरंगा रैली
होली फेथ पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने सरदार पटेल को किया नमन, सामाजिक सद्भाव का दिया संदेश
डीजे न्यूज, गावां,गिरिडीह : होली फेथ पब्लिक स्कूल, गावां में शनिवार को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने तिरंगा रैली निकालकर लोगों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरदार पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। विद्यालय के निदेशक, प्राचार्य, व्यवस्थापक और शिक्षक-शिक्षिकाओं ने लौह पुरुष को श्रद्धांजलि देते हुए उनके देश के प्रति योगदान को याद किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा और जागरूकता संबंधी तख्तियां लेकर देशभक्ति के नारे लगाए।
रैली विद्यालय परिसर से निकलकर गावां बाजार होते हुए अंबेडकर चौक पहुंची। इसके बाद वापस विद्यालय परिसर में आकर संपन्न हुई। पूरे रास्ते विद्यार्थी ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ और ‘देश की एकता, हमारी पहचान’ जैसे नारे लगाते रहे। बच्चों ने लोगों से जाति-धर्म से ऊपर उठकर सामाजिक सौहार्द और राष्ट्रीय एकता बनाए रखने की अपील की।
विद्यालय के निदेशक अरुण चौधरी ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन देश की एकता और अखंडता के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने देश को एकजुट करने में ऐतिहासिक योगदान दिया। उनके विचारों और आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है।
इस मौके पर प्राचार्य मुकेश कुमार चौधरी, व्यवस्थापक उमेश चौधरी सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं मौजूद थे।