पूर्व पार्षद ने बीसीसीएल जीएम को भेजा ई-मेल, पिलर कटाई से रेल लिंक व बस्तियां खतरे में
72 घंटे के भीतर तकनीकी जांच और मुहाना बंद करने की करें पहल, नहीं तो आंदोलन की दी चेतावनी
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद):
बीसीसीएल के सलानपुर साइडिंग के पास 500 मीटर अंदर तक पिलर कटाई से रेल लिंक व बस्तियों पर भू-धंसान का खतरा बढ़ गया है। लोगों की जानमाल की सुरक्षा के उचित प्रबंधन और अवैध कोयला कारोबारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग को लेकर
कतरास कोयलांचल बचाओ समिति ने बीसीसीएल के एरिया तीन चार के महाप्रबंधक को ई-मेल भेजा है। पूर्व पार्षद सह समिति के विनोद कुमार गोस्वामी ने बताया कि ई-मेल के जरिए मांग-पत्र भेजकर 72 घंटे का अल्टीमेटम दिया है।
उन्होंने बताया कि सलानपुर साइडिंग के समीप 500 मीटर अंदर तक अवैध मुहाना बनाकर खदान के मूल सुरक्षा पिलरों को काटा जा रहा है। इससे जमीन अंदर से पूरी तरह खोखली हो चुकी है और ठीक बगल से गुजरने वाली निचितपुर डीसी रेल लाइन लिंक सहित गुहीबांध व छाताबाद की घनी आबादी पर कभी भी भीषण भू-धंसान और जमींदोज होने की संभावना बढ़ गई है।
प्रमुख मांगें
जीपीआर तकनीकी जाँच: डीजीएमएस और रेलवे की संयुक्त टीम द्वारा ग्राउंड पेनेट्रेटिंग रडार से खोखली जमीन (Void Mapping) की तत्काल जाँच हो।
वैज्ञानिक भराई व सीलिंग: 500 मीटर गहरे मुहाने की वैज्ञानिक स्टॉविंग (Stowing) कराकर कंक्रीट से स्थायी डोजरिंग/सीलिंग की जाए।
धंधेबाजों पर प्राथमिकी: ग्रामीणों को घेरने, धमकाने और अवैध खनन कराने वाले तत्वों पर बीसीसीएल नामजद प्राथमिकी दर्ज कराए।
सुरक्षा गारंटी: निचितपुर रेल लिंक व बस्तियों की सुरक्षा हेतु 24 घंटे सीआईएसएफ (CISF) गश्त तैनात की जाए।
विनोद गोस्वामी ने कहा कि 72 घंटे के भीतर तकनीकी जाँच और मुहाना बंद करने की ठोस कार्रवाई शुरू नहीं हुई, तो समिति ग्रामीणों के साथ सलानपुर साइडिंग का डिस्पैच ठप करेगी, महाप्रबंधक कार्यालय का घेराव करेगी और पूरे कोयलांचल में चक्का जाम करेगी।