ऑल इंडिया महिला फुटबॉल एसोसिएशन का पुनर्गठन राष्ट्रीय कार्यकारिणी में प्रमोद व नीलकंठ को मिली जगह

ऑल इंडिया महिला फुटबॉल एसोसिएशन का पुनर्गठन

राष्ट्रीय कार्यकारिणी में प्रमोद व नीलकंठ को मिली जगह

डीजे न्यूज, राजगंज: ऑल इंडिया महिला फुटबॉल एसोसिएशन का वार्षिक अधिवेशन सोमवार को जमशेदपुर में संपन्न हुआ। अधिवेशन में देश के विभिन्न राज्यों से संघ से जुड़े पदाधिकारी शामिल हुए। इस दौरान महासंघ का पुनर्गठन किया गया।
पुनर्गठन के तहत राजगंज स्थित बड्स गार्डेन स्कूल के प्राचार्य प्रमोद कुमार एवं भाजपा नेता नीलकंठ रवानी को राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया। वहीं गुंजन कुमारी सिंह को राष्ट्रीय अध्यक्ष, मो. कासिम अंसारी को कार्यकारी अध्यक्ष तथा छत्तीसगढ़ के मो. शेख जावेद को सर्वसम्मति से महासचिव चुना गया। इसके अलावा पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, असम सहित विभिन्न राज्यों से पदाधिकारियों का चयन किया गया।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य बनाए जाने पर प्रमोद कुमार ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी मिली है, उसका वे पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने जल्द ही झारखंड के धनबाद जिले के विभिन्न स्टेडियमों में राष्ट्रीय महिला फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित कराने की बात कही। प्रतियोगिता में देश के दर्जनों राज्यों की महिला फुटबॉल टीमें हिस्सा लेंगी।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top