ओबी डंप का पत्थर तोड़ गया बाउंड्री वॉल, बाल-बाल बचे बच्चे

Advertisements

ओबी डंप का पत्थर तोड़ गया बाउंड्री वॉल, बाल-बाल बचे बच्चे

विस्थापन की मांग पर धरने पर बैठे लोग

डीजे न्यूज तिसरा(धनबाद) : तीसरा थाना क्षेत्र अंतर्गत गोल्डन पहाड़ी तीन तल्ला निवासी रंजीत कुमार सिंह के घर के पीछे की बाउंड्री वॉल को तोड़ते हुए ओबी डंप का एक बड़ा पत्थर घर में घुसने से बाल-बाल बच गया। घटना के समय घर के अंदर मौजूद उनके दो बच्चे पत्थर की चपेट में आने से बच गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब तीन बजे आउटसोर्सिंग कंपनी द्वारा ओबी डंपिंग का कार्य कराया जा रहा था। इसी दौरान एक विशाल चट्टान रंजीत कुमार सिंह के घर के पीछे की बाउंड्री वॉल को तोड़ते हुए अंदर तक आ गई। घटना के बाद कॉलोनी के लोगों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया।

हंगामे की सूचना मिलने पर बीसीसीएल प्रबंधन एवं तीसरा पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद स्थानीय लोग प्रबंधन कार्यालय के समीप धरने पर बैठ गए और अपनी मांगों को लेकर विरोध दर्ज कराया।

इस संबंध में भोला साहनी ने कहा कि जिस प्रकार एनएचएस एवं अन्य क्षेत्रों के लोगों का विस्थापन किया गया है, उसी प्रकार तीन तल्ला के लोगों का भी विस्थापन किया जाए। उन्होंने मांग की कि जिस क्वार्टर में लोग रह रहे हैं, उसका सर्वे कराया जाए तथा प्रभावित परिवारों को करमाटांड़ में आवास उपलब्ध कराया जाए। यदि परिवार के बच्चे बालिग हैं तो उनका भी अलग से सर्वे कर लाभ दिया जाए। पूर्वांचल की तर्ज पर यहां भी सर्वे कर प्रभावित परिवारों को पुनर्वास का लाभ दिया जाए। उन्होंने कहा कि परिवार के सदस्यों की संख्या के अनुरूप आवास मिलने पर ही लोग यह स्थान छोड़ेंगे।

बिहार जनता खान मजदूर संघ के लोदना सचिव भोला साहनी ने आरोप लगाया कि आउटसोर्सिंग कंपनी मनमानी कर रही है। जहां लोग रह रहे हैं, उसी क्षेत्र में ओबी डंपिंग कर लोगों की जान जोखिम में डाली जा रही है। उन्होंने कहा कि जब तक लोगों की मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक वे लोग घर छोड़कर नहीं जाएंगे।

घटना के दौरान सुजीत कुमार मंडल, योगेश यादव, श्री राम गोराई सहित कई स्थानीय लोग मौजूद थे। बीसीसीएल प्रबंधन ने लोगों को आश्वासन दिया है कि उनकी मांगों और समस्या के समाधान को लेकर जल्द बैठक आयोजित की जाएगी तथा उचित निर्णय लिया जाएगा।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top