नवजात की मौत पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाघमारा में हंगामा
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद):
समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाघमारा में नवजात की मौत को लेकर सोमवार को जमकर हंगामा हुआ। परिजन स्वास्थ्य केंद्र में ऑक्सीजन की कमी के कारण शिशु की मौत का आरोप लगा रहे थे। अस्पताल प्रबंधन का कहना था कि मृत्यु ऑक्सीजन की कमी से नहीं बल्की ब्लाकेज की वजह से हुई है। हो द
हंगामे की सूचना पाकर बाघमारा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित परिवार को समझा बुझाकर माहौल शांत किया।
खोनाठी निवासी ठाकुर महतो ने बताया की रविवार सुबह लगभग दस बजे वह अपनी पत्नी सरस्वती देवी को डिलीवरी कराने के लिए स्वास्थ्य केंद्र बाघमारा में भर्ती कराया। चिकित्सक ने जांच कर कहा की जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ्य है। सोमवार की सुबह नॉर्मल डिलीवरी भी हो गई । चिकित्सक ने कहा की बच्चे को ऑक्सीजन की जरूरत है। चिकित्सक सहित अन्य लोग ऑक्सीजन के लिए इधर-उधर भाग दौड करने लगे, लेकिन अस्पताल में ऑक्सीजन उपलब्ध नहीं था। कुछ देर बाद चिकित्सक ने बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल ले जाने की सलाह दी। भाड़े के वाहन से दूसरे अस्पताल ले जाने के क्रम में रास्ते में ही बच्चा की मौत हो गई।
ठाकुर महतो ने पुलिस को बताया की अस्पताल की सीसीटीवी चेक कर लीजिए। जब हमलोग बच्ची को दूसरे अस्पताल ले जाने के लिए निकल रहे थे तो चिकित्सक ने अपने बचाव के लिए टोटो वाहन से ऑक्सीजन सिलेंडर मंगाकर रख दिए ।
स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा प्रभारी श्रीनाथ ने कहा की ऑक्सीजन की कमी नही है। बच्ची की मौत ब्लाकेज से हुई है। इसमें चिकित्सकों की लापरवाही नहीं है।
स्त्री रोग विशेषज्ञ डाक्टर रोजी ने बताया की डिलीवरी एकदम नॉर्मल रूप से हुई है। जन्म के बाद से ही बच्ची रो नहीं रही थी।