नो यूपीआई डे को मिला व्यापारियों व आमजनों का समर्थन
डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद व्यापारी संघ के आह्वान पर शुक्रवार को आयोजित ‘नो यूपीआई डे’ को जिले भर के व्यापारियों एवं आम ग्राहकों का अभूतपूर्व समर्थन मिला। दर्जनों प्रमुख व्यावसायिक प्रतिष्ठानों ने डिजिटल व यूपीआई भुगतान पूरी तरह बंद रखकर केवल नकद (भौतिक नोटों) में लेन-देन किया।
दुकानों पर लगाए गए विशेष पोस्टरों व हेल्पलाइन नंबरों के माध्यम से जागरूक टीम ने ग्राहकों के प्रश्नों के उत्तर दिए। ग्राहकों को स्पष्ट किया गया कि ‘यूपीआई टैक्स’ का सीधा प्रभाव महँगाई के रूप में आम उपभोक्ता की जेब पर ही पड़ेगा।
व्यापारियों ने कहा कि यदि ‘UPI TAX’ सही है तो जनप्रतिनिधि और सरकारी अधिकारी जनता के बीच आकर खुली संगोष्ठी क्यों नहीं करते?
बिना किसी आर्थिक आंकलन के मनमर्जी दरें लागू कर व्यापारी व ग्राहकों के बीच भ्रम और विवाद पैदा किया जा रहा है।
व्यापारी अपनी जेब से यह अतिरिक्त शुल्क नहीं दे सकता, अंततः बोझ ग्राहक पर पड़ेगा। दुकानदार और ग्राहक एक हैं, इसलिए इस काले कानून का विरोध जारी रहेगा।
आंदोलन के प्रमुख अनिल कुमार जैन ने एकजुटता दिखाने वाले सभी दुकानदारों और समझदार नागरिकों का आभार व्यक्त किया। कई ग्राहकों ने आगे भी इस अहिंसक आंदोलन में साथ देने का वादा किया।
जनसंपर्क व अभियान में मनीष जैन, आलोक चटर्जी, मुकेश कुमार, घनश्याम सिंह, दीपराज एवं अन्य सहयोगी थे।