नगर निगम में 78 सदस्यीय क्यूआरटी का गठन, सफाई व्यवस्था को किया जाएगा सुदृढ़
डीजे न्यूज, धनबाद: नगर निगम क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से निगम प्रशासन द्वारा 55 वार्डों में सफाई कर्मियों की संख्या का पुनर्गठन करते हुए 78 सदस्यीय क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) का गठन किया गया है।
नगर निगम बोर्ड की बैठक 30 मार्च में पारित प्रस्ताव संख्या-04 के अनुपालन में यह निर्णय लिया गया है। इसके तहत सभी 55 वार्डों में सफाई कर्मियों की संख्या को पुनर्समायोजित कर प्रत्येक वार्ड में 13 सफाई कर्मी सुनिश्चित किए गए हैं। इस पुनर्गठन के फलस्वरूप विभिन्न अंचलों से कुल 78 कर्मियों को क्विक रिस्पॉन्स टीम में शामिल किया गया है।
गठित टीम में कतरास अंचल से 8, छाताटांड़ अंचल से 10, धनबाद अंचल से 40, झरिया अंचल से 10 तथा सिंदरी अंचल से 10 कर्मियों को शामिल किया गया है। यह टीम विशेष परिस्थितियों, आकस्मिक सफाई कार्यों, त्योहारों, वीआईपी कार्यक्रमों, जलजमाव, कचरा निष्पादन एवं अन्य आपात स्वच्छता संबंधी कार्यों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
धनबाद नगर निगम का उद्देश्य नागरिकों को स्वच्छ एवं बेहतर शहरी वातावरण उपलब्ध कराना है। क्विक रिस्पॉन्स टीम के गठन से सफाई संबंधी शिकायतों के त्वरित निस्तारण तथा नगर क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने में सहायता मिलेगी।