जल जीवन मिशन : गिरिडीह की अधिकांश योजनाओं से मिल रहा पेयजल

जल जीवन मिशन : गिरिडीह की अधिकांश योजनाओं से मिल रहा पेयजल

शेष को शीघ्र चालू करने की कार्रवाई जारी

ग्रामीणों तक सुरक्षित पेयजल पहुंचाने के लिए प्रशासन सक्रिय

डीजे न्यूज, गिरिडीह : जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं पेयजल एवं स्वच्छता विभाग द्वारा निरंतर कार्य किया जा रहा है। योजनाओं की नियमित समीक्षा एवं मॉनिटरिंग के माध्यम से ग्रामीणों तक निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने के प्रयास जारी हैं। गिरिडीह प्रखंड अंतर्गत पिंडाटांड़ पंचायत में जल जीवन मिशन के तहत कुल 63 जलापूर्ति योजनाएं स्वीकृत हैं। इनमें से 51 योजनाएं वर्तमान में नियमित रूप से संचालित हैं और हजारों ग्रामीणों को पेयजल उपलब्ध करा रही हैं। शेष 12 योजनाओं में तकनीकी अथवा स्थानीय कारणों से अस्थायी व्यवधान उत्पन्न हुआ है, जिनके समाधान के लिए विभागीय स्तर पर युद्धस्तर पर कार्रवाई की जा रही है। विभागीय समीक्षा के अनुसार एक योजना में बोरिंग धंस जाने, एक योजना में मोटर खराब होने, दो योजनाओं में मोटर एवं कंट्रोलर संबंधी तकनीकी समस्या तथा कुछ योजनाओं में जलस्रोत (ड्राई बोर) से जुड़ी चुनौतियों के कारण जलापूर्ति प्रभावित हुई है। संबंधित सभी योजनाओं के पुनर्संचालन के लिए आवश्यक मरम्मत एवं तकनीकी सुधार कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। वहीं कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल (संख्या-2), अविक अंबाला ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत संचालित सभी योजनाओं की नियमित निगरानी की जा रही है। जहां कहीं भी तकनीकी समस्या सामने आ रही है, वहां विभागीय टीमों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं ताकि प्रभावित योजनाओं को शीघ्र पुनः संचालित किया जा सके। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन ग्रामीण परिवारों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। जल जीवन मिशन के उद्देश्यों को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करने के लिए विभागीय अधिकारी एवं तकनीकी कर्मी लगातार क्षेत्र में निगरानी एवं सुधार कार्य कर रहे हैं।जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि पेयजल आपूर्ति से संबंधित किसी भी समस्या की जानकारी संबंधित विभाग को दें, ताकि उसका त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जा सके। प्रशासन प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक सुरक्षित पेयजल पहुंचाने के लक्ष्य को लेकर निरंतर प्रयासरत है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top