नगर निगम के कचरा वाहन ने ली युवक की जान, शव रखकर परिजनों का सड़क जाम
2 लाख मुआवजा और परिजन को तत्काल नियोजन पर बनी सहमति
डीजे न्यूज, धनबाद: धैया ठाकुर कुल्ही इलाके में नगर निगम के कचरा ढोने वाले वाहन की चपेट में आने से घायल 32 वर्षीय मिथलेश रजक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने गुरुवार को नगर निगम कार्यालय के समीप सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन किया और मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। मृतक मिथलेश रजक धैया ठाकुर कुल्ही का रहने वाला था और कपड़ा धोने का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। मंगलवार को करीब तीन बजे वह घर जा रहा था। इसी दौरान गलीनुमा सड़क पर बैक हो रहे नगर निगम के कचरा वाहन संख्या जेएच 10बीजेड-9279 की चपेट में वह आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल मिथलेश को पहले इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां से डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन इलाज के दौरान मिथलेश की मौत हो गई। मिथलेश शादीशुदा था और तीन बच्चों का पिता था।
मिथलेश की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने नगर निगम कार्यालय के पास सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा और रोजगार देने की मांग की। इस दौरान नगर निगम कार्यालय से रंधीर वर्मा चौक और कोर्ट की ओर जाने वाली सड़क जाम हो गई, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सूचना मिलने के बाद धनबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया। इसके बाद सांसद ढुल्लू महतो वहां पहुंचे। कांग्रेस नेत्री अनुपमा सिंह भी मौके पर पहुंची। मामले में पहल करते हुए परिजनों और रैमकी कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत में जुटे।
वार्ता में फिलहाल कंपनी की ओर से मृतक के परिजन को तत्काल नियोजन देने और दो लाख रुपये मुआवजा देने पर सहमति बनी है। साथ ही नियोजन के तहत 28 हजार रुपये मासिक वेतन देने पर भी सहमति बनी। सांसद ढुल्लू महतो ने मुआवजा राशि बढ़ाने का भी आश्वासन दिया।