मनियाडीह में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़, एक अपराधी को लगी गोली
डीजे न्यूज, ( धनबाद ) टुंडी प्रखंड के मनियाडीह थाना क्षेत्र में नवादा जंगल के पास भौरा घाटी में मंगलवार की देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में करीब एक दर्जन से ज्यादा गंभीर मामलों में वांछित कुख्यात अपराधी शंकर को पुलिस की गोली लगी है. इस कार्रवाई के बाद उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घायल अपराधी शंकर लंबे समय से कई हत्या और डकैती की वारदातों में शामिल था और पुलिस को उसकी तलाश थी. मंगलवार की देर रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शंकर मनियाडीह इलाके में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के फिराक में छिपा हुआ है. इसी सूचना के आधार पर पुलिस की एक विशेष टीम ने उसकी गिरफ्तारी के लिए घेराबंदी की.
पुलिस पर की गई थी फायरिंग:
जैसे ही पुलिस की टीम ने शंकर को घेरकर आत्मसमर्पण करने को कहा, उसने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस दल पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए पूरी सतर्कता बरती. अपराधी द्वारा लगातार की जा रही गोलीबारी के जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोली चलाई. इस जवाबी कार्रवाई के दौरान एक गोली कुख्यात शंकर के पैर में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ा और पुलिस ने उसे तुरंत दबोच लिया.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. एसएसपी प्रभात कुमार समेत कई वरीय पुलिस अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे. पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और पूरे इलाके की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है. पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस मुठभेड़ के दौरान शंकर के साथ अन्य कितने अपराधी मौजूद थे जो अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे।