नगर आयुक्त ने किया पंपू तालाब व राजा तालाब का निरीक्षण

नगर आयुक्त ने किया पंपू तालाब व राजा तालाब का निरीक्षण

सुरक्षा व विसर्जन की समुचित व्यवस्था करने का निर्देश

डीजे न्यूज, धनबाद: दुर्गा पूजा के मद्देनजर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं विसर्जन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को नगर आयुक्त आशीष गंगवार ने पंपू तालाब एवं झरिया स्थित राजा तालाब का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के क्रम में नगर आयुक्त सर्वप्रथम पंपू तालाब पहुँचे। वहाँ संबंधित वार्ड पार्षद, नगर प्रबंधक,सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, स्वच्छता पर्यवेक्षक सहित अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे। नगर आयुक्त ने तालाब परिसर एवं आसपास की साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था तथा दुर्गा पूजा प्रतिमा विसर्जन से संबंधित तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को तालाब एवं उसके आसपास विशेष सफाई अभियान चलाने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक प्रबंध समय पर पूर्ण करने का निर्देश दिया।

इसके उपरांत नगर आयुक्त द्वारा झरिया स्थित राजा तालाब का निरीक्षण किया गया। इस दौरान तालाब परिसर की साफ-सफाई, आसपास की व्यवस्थाओं तथा विसर्जन मार्ग पर स्ट्रीट लाइट की उपलब्धता एवं कार्यशीलता की समीक्षा की गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यकतानुसार स्ट्रीट लाइट की मरम्मत एवं व्यवस्था सुनिश्चित करने, तालाब एवं विसर्जन स्थल की समुचित सफाई कराने तथा पूजा से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण करने का निर्देश दिया।

नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि दुर्गा पूजा एवं प्रतिमा विसर्जन के दौरान आम नागरिकों तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए संबंधित वार्ड पार्षद, अभियंता, नगर प्रबंधक एवं स्वच्छता पर्यवेक्षक आपसी समन्वय स्थापित करते हुए सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही, सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था की नियमित निगरानी करते हुए कमियों का त्वरित निराकरण करने का भी निर्देश दिया गया।

नगर आयुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देशित किया कि पर्व के दौरान स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था एवं विसर्जन से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ दुरुस्त रखी जाएँ, ताकि दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top