नगर भवन में मतदाता शिविर का डीसी ने किया निरीक्षण, सत्यापन में तेजी के दिए निर्देश
डीजे न्यूज, गिरिडीह : विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत बुधवार को नगर भवन में आयोजित मतदाता पंजीकरण शिविर का जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने निरीक्षण किया। शिविर में बूथ संख्या 81 से 100, 196 से 203 तथा 217 से 219 के मतदाताओं के लिए नाम जोड़ने, हटाने और आवश्यक संशोधन से संबंधित आवेदन लिए गए।
उपायुक्त ने विभिन्न काउंटरों पर पहुंचकर बीएलओ, बीएलओ पर्यवेक्षक और कंप्यूटर ऑपरेटर से प्राप्त आवेदनों तथा दस्तावेज सत्यापन की जानकारी ली। उन्होंने कई आवेदनों का स्वयं भौतिक सत्यापन भी किया और आवेदकों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रत्येक आवेदन का निष्पक्ष और निर्धारित प्रक्रिया के तहत सत्यापन करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहे। साथ ही अयोग्य या मृत मतदाताओं के नाम हटाने तथा संशोधन संबंधी मामलों का भी नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने बीएलओ को अपने-अपने क्षेत्र में घर-घर संपर्क कर मतदाता सूची के सत्यापन में विशेष सतर्कता बरतने को कहा। शिविर में पहुंचे नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने आम लोगों से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपना नाम, पता और अन्य विवरण जांच लें। किसी प्रकार की त्रुटि होने पर निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से सुधार या निबंधन के लिए आवेदन करें। शिविर में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी धीरेंद्र कुमार, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी जितेंद्र प्रसाद, जिला नजारत उप समाहर्ता सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी, बीएलओ और कर्मी मौजूद थे।