मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने किया ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण
डीजे न्यूज, धनबाद: झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने सोमवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आदित्य रंजन के साथ ईवीएम व वीवीपैट वेयरहाउस का निरीक्षण किया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य वेयरहाउस की सुरक्षा, रखरखाव और वर्तमान व्यवस्थाओं का जायजा लेना था।
इस अवसर पर सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर 2026) और ईवीएम प्रबंधन से संबंधित विभिन्न तकनीकी व व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी तथा जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था को बारीकी से परखा। उन्होंने वेयरहाउस परिसर की सुरक्षा और चौबीसों घंटे कड़ी निगरानी को लेकर अधिकारियों को अलर्ट रहने को कहा। सुरक्षा गार्डों की उपस्थिति, उनकी मुस्तैदी और गार्ड शिफ्टों के सही प्रबंधन को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए।
उन्होंने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए वेयरहाउस में उपलब्ध फायर एक्सटिंग्विशर (अग्निशमन यंत्रों) की जांच की और अग्निशमन की सभी सुविधाओं को हमेशा दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
इस मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी कालिदास मुंडा, अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे, निर्वाचन कार्यालय के कर्मी तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।