मतदाता सूची में गड़बड़ी की गुंजाइश नहीं, परिवारवार सत्यापन में तेजी लाने का निर्देश

मतदाता सूची में गड़बड़ी की गुंजाइश नहीं, परिवारवार सत्यापन में तेजी लाने का निर्देश

डीजे न्यूज, गिरिडीह : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने रविवार को 32-गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 185 और 201 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची के सत्यापन, परिवारवार विवरण और Family Together से संबंधित कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।

उपायुक्त ने अधिकारियों एवं बीएलओ को स्पष्ट निर्देश दिया कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित नहीं रहना चाहिए। साथ ही एक ही परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम संबंधित अनुभाग में व्यवस्थित रूप से दर्ज किए जाएं, ताकि मतदाता सूची में परिवारवार विवरण को लेकर किसी प्रकार की विसंगति न रहे।

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि Family Together के तहत एक परिवार के सभी सदस्यों का नाम एक ही अनुभाग में करने से संबंधित निर्धारित प्रपत्र-8 की प्रक्रिया कुछ मामलों में लंबित है। वहीं, संबंधित स्टीकर पर नॉशनल गृह संख्या तथा अनुभाग संख्या/नाम समेत अन्य जरूरी विवरण भी अंकित किया जाना बाकी पाया गया। इस पर उपायुक्त ने संबंधित बीएलओ को दो दिनों के भीतर हाउस रजिस्टर में परिवार के सभी पात्र मतदाताओं का नाम व्यवस्थित रूप से दर्ज करने और स्टीकर पर आवश्यक विवरण अंकित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण सिर्फ नामों के सत्यापन तक सीमित नहीं है। सही पता, गृह संख्या और परिवारवार विवरण का व्यवस्थित संधारण भी इसका अहम हिस्सा है। उन्होंने बीएलओ को परिवारवार सत्यापन का काम पूरी गंभीरता और सावधानी से करने को कहा।

दो केंद्रों पर मिले Form-6 के 37 आवेदन

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने दोनों मतदान केंद्रों पर प्राप्त प्रपत्रों की स्थिति की भी जानकारी ली। मतदान केंद्र संख्या 185 पर Form-6 के 19, Form-7 के शून्य और Form-8 के 22 आवेदन प्राप्त हुए हैं। वहीं मतदान केंद्र संख्या 201 पर Form-6 के 18, Form-7 के शून्य और Form-8 के 30 आवेदन मिले हैं।

उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों और बीएलओ को सभी प्राप्त प्रपत्रों का निर्धारित प्रक्रिया के तहत समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने तथा मतदाता विवरण में संशोधन से संबंधित आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए।

उन्होंने लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने तथा मतदाता सूची को सही, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने पर जोर दिया। साथ ही आम लोगों से अपील की कि वे अपने और परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में अवश्य जांच लें। किसी प्रकार की त्रुटि या विसंगति मिलने पर संबंधित बीएलओ से संपर्क कर निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुधार कराएं।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top