मां दुर्गा के जयकारों से गूंजा झारखंड मैदान, विधायक राज सिन्हा ने किया पूजा पंडाल का शुभारंभ
फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर किया उद्घाटन, मां दुर्गा से धनबादवासियों की सुख-समृद्धि की कामना
डीजे न्यूज, धनबाद : शारदीय नवरात्र की पंचमी तिथि पर हीरापुर स्थित झारखंड मैदान में भक्ति और उल्लास का माहौल देखने को मिला। यहां आयोजित भव्य दुर्गापूजा महोत्सव में झारखंड विधानसभा के सचेतक सह धनबाद विधायक राज सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर दुर्गापूजा पंडाल का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय रहा और श्रद्धालुओं में मां दुर्गा के दर्शन एवं पूजा-अर्चना को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर विधायक राज सिन्हा ने मां दुर्गा के श्रीचरणों में नमन कर समस्त धनबादवासियों एवं प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
श्री सिन्हा ने कहा कि शारदीय नवरात्र आस्था, शक्ति, भक्ति और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं का पावन पर्व है। मां दुर्गा की आराधना हमें अधर्म पर धर्म, असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश देती है। यह पर्व समाज में प्रेम, सद्भाव, एकता और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने के साथ आपसी भाईचारे को भी मजबूत करता है। उन्होंने कामना की कि मां दुर्गा की असीम कृपा सभी पर बनी रहे और धनबाद सहित पूरा झारखंड सुख, शांति, समृद्धि एवं प्रगति के पथ पर निरंतर आगे बढ़े। अंत में विधायक ने समस्त धनबादवासियों को शारदीय नवरात्र की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए मां दुर्गा से सभी के जीवन में खुशहाली और मंगलमय भविष्य की प्रार्थना की।
इस अवसर पर पूजा समिति के सभी सदस्यों सहित मनोज मालाकार आदि उपस्थित थे।