मामा को फंसाने के लिए दी थी धनबाद सीओ को धमकी, राजगंज से गिरफ्तार
एक करोड़ रुपये रंगदारी देने और नहीं देने पर गोली मारने की सीओ को मिली थी धमकी
डीजे न्यूज, धनबाद : धनबाद के अंचल अधिकारी रामप्रवेश कुमार को फोन और व्हाट्सऐप के जरिए एक करोड़ रुपये रंगदारी और गोली मारने की धमकी देने के मामले में धनबाद पुलिस ने आरोपी पंकज कुमार दास को राजगंज से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने 14 सितंबर को सीओ को धमकी देने के साथ एक बैंक खाते में रकम जमा कराने की बात कही थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए सीओ ने धनबाद थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को राजगंज से गिरफ्तार किया और पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की तैयारी में है।
वहीं, गिरफ्तारी के बाद आरोपी पंकज कुमार दास ने खुद को निर्दोष बताते हुए अपनी अलग कहानी बताई। आरोपी के मुताबिक, वह जाति प्रमाण पत्र बनवाने के सिलसिले में सीओ के पास गया था, लेकिन उसका काम नहीं हुआ। आरोपी ने पुलिस को बताया कि जमीन के एवज में उसे अपने मामा से करीब 90 लाख रुपये मिलने थे और मामा से बदला लेने के इरादे से उसने सीओ को धमकी दी तथा मामा का बैंक खाता नंबर दे दिया। फिलहाल धनबाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजने की तैयारी में है और पूरे मामले की जांच जारी है। पुलिस आरोपी के मोबाइल, व्हाट्सऐप चैट और बैंक खाते से जुड़े तथ्यों की भी जांच कर रही है।