लक्ष्मी नारायण महायज्ञ के निमित कतरास में निकली भव्य कलश यात्रा

Advertisements

लक्ष्मी नारायण महायज्ञ के निमित कतरास में निकली भव्य कलश यात्रा

डीजे न्यूज, कतरास (धनबाद): कतरास के
आकाशकिनारी काली मंदिर, भटमुरना में आयोजित लक्ष्मी नारायण महायज्ञ के निमित  मंगलवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। 351 कलशों के साथ हजारों श्रद्धालु यात्रा में शामिल हुए। कलश यात्रा गाजे-बाजे, भजन-कीर्तन और श्रद्धालुओं के उत्साहपूर्ण नृत्य-गान के साथ आकाश किनारी काली मंदिर परिसर से शुरू होकर कतरास कॉलेज मोड़, भगत सिंह चौक, राहुल चौक होते हुए मां लिलोरी मंदिर स्थित कतरी नदी के तट पर पहुंची। यहां वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ मुख्य यजमान गादुरी कालिंदी, महादेव कालिंदी, धनंजय कालिंदी, शंकर मोदी सहित सैकड़ों महिलाओं ने भी कलशों में पवित्र जल भरकर यात्रा में भाग लिया।
भीषण गर्मी के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। लगभग 40 डिग्री सेल्सियस तापमान के बीच श्रद्धालु भक्ति भाव से गाजे-बाजे के साथ यज्ञ स्थल आकाशकिनारी काली मंदिर पहुंचे। कलश यात्रा के मार्ग में विभिन्न समाजसेवियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा श्रद्धालुओं के लिए शरबत, पानी, बिस्कुट एवं फलों की व्यवस्था की गई थी। वहीं गर्मी से राहत दिलाने के लिए टैंकर के माध्यम से पूरे मार्ग पर पानी का छिड़काव भी कराया गया।
आयोजकों ने बताया कि मंगलवार को जल यात्रा, पंचांग पूजन, मंडप प्रवेश एवं वेदी पूजन के साथ धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत हुई। शाम में संध्या आरती का आयोजन किया जाएगा। 3 जून को हवन, वेदी पूजन एवं अरणी मंथन द्वारा अग्नि प्रकट की जाएगी। 4 जून से 9 जून तक प्रतिदिन वेदी पूजन, हवन, आरती तथा हलचल बाबा मंडली द्वारा धार्मिक प्रवचन का कार्यक्रम आयोजित होगा।
महायज्ञ का समापन 10 जून को प्रातः 7 बजे आवाहित देवताओं के हवन, पूर्णाहुति एवं विसर्जन के साथ किया जाएगा। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण एवं विशाल भंडारे का आयोजन होगा।
महायज्ञ का संचालन वाराणसी के आचार्य गौतम त्रिवेदी के सान्निध्य में किया जा रहा है। आयोजन संत सीताराम दास जी महाराज (रेणुकाजी, हिमाचल प्रदेश) तथा मंदिर के महंत श्री श्री चंद्रदेव पाण्डेय (लाल बाबा) के नेतृत्व में हो रहा है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top