लंबित कांडों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश, दुर्गा पूजा को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
बैंक, एटीएम और ज्वेलरी शॉप की सुरक्षा ऑडिट करने का निर्देश, साइबर अपराधियों के नेटवर्क पर होगी बड़ी कार्रवाई
डीजे न्यूज, धनबाद: शनिवार को समाहरणालय स्थित पुलिस सभागार में वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार की अध्यक्षता में सितंबर माह की मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में अपराध की स्थिति, लंबित कांडों के निष्पादन, यातायात व्यवस्था, चोरी एवं गृहभेदन की घटनाओं पर अंकुश लगाने, साइबर अपराध के विरुद्ध कार्रवाई तथा आगामी दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तार से समीक्षा की गई।
इस दौरान एसएसपी ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को अपराध नियंत्रण, अनुसंधान में तेजी लाने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, सभी डीएसपी, एसडीपीओ, थाना प्रभारी एवं ओपी प्रभारी उपस्थित थे।
लंबित कांडों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश
अपराध समीक्षा के दौरान एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि सितंबर माह में जिले में कुल 411 कांड दर्ज किए गए जबकि इस अवधि में 474 कांडों का सफल निष्पादन किया गया। दर्ज कांडों की तुलना में अधिक मामलों का निष्पादन होने से लंबित मामलों की संख्या में कमी आई है। वर्तमान में लंबित कांडों की संख्या घटकर 1634 रह गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन धनबाद पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। दिसंबर माह तक लंबित कांडों की संख्या को 1500 से नीचे लाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों और अनुसंधानकर्ताओं को लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने, अनुसंधान में आ रही बाधाओं को दूर करने तथा साक्ष्यों के आधार पर मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि गंभीर आपराधिक मामलों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। साथ ही आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए न्यायालय में ससमय आरोप पत्र समर्पित करने पर भी जोर दिया गया।
यातायात नियमों के उल्लंघन पर 68.35 लाख रुपये का चालान
जिले की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए धनबाद पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। समीक्षा बैठक में बताया गया कि सितंबर माह के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 68 लाख 35 हजार रुपये का चालान किया गया।
एसएसपी ने यातायात पुलिस को नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमित अभियान चलाने तथा प्रमुख चौक-चौराहों, व्यस्त सड़कों और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने, सड़क पर अनावश्यक जाम की स्थिति रोकने और आम लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया।
चोरी और गृहभेदन की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए रात्रि गश्ती तेज
जिले में चोरी और गृहभेदन की घटनाओं की रोकथाम के लिए सितंबर माह में विशेष अभियान चलाया गया। इसके तहत रात्रि गश्ती को अधिक प्रभावी बनाने के साथ पुलिस पेट्रोलिंग को गतिशील किया गया। पुलिस की ओर से संवेदनशील इलाकों, आवासीय क्षेत्रों और ऐसे स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है जहां चोरी की घटनाओं की आशंका अधिक रहती है।
एसएसपी ने कहा कि रात्रि गश्ती के दौरान पुलिसकर्मियों की सक्रियता बढ़ाने के साथ साथ
नियमित पेट्रोलिंग सुनिश्चित की जा रही है। सभी डीएसपी और संबंधित थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में गश्ती व्यवस्था की निगरानी कर रहे है और संदिग्ध गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई भी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि चोरी एवं गृहभेदन जैसी घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस की मौजूदगी और सतर्कता लगातार बनी रहनी चाहिए। विशेष अभियान के बाद इन मामलों में फिलहाल कमी देखी जा रही है।
साइबर अपराधियों के खिलाफ होगी बड़ी कार्रवाई
साइबर अपराध की रोकथाम को लेकर एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि धनबाद पुलिस साइबर अपराधियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने बताया कि जिले में सक्रिय साइबर अपराधियों के संबंध में पुलिस के पास जानकारी उपलब्ध है और साइबर अपराध के हॉटस्पॉट भी चिह्नित किए जा चुके हैं। आने वाले समय में साइबर अपराधियों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए उनके नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को साइबर अपराध से जुड़े मामलों की गंभीरता से जांच करने, तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और संगठित रूप से सक्रिय अपराधियों के नेटवर्क तक पहुंचने का निर्देश दिया। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि साइबर अपराध के विरुद्ध अभियान को और प्रभावी बनाया जाएगा ताकि आम नागरिकों को आर्थिक धोखाधड़ी से बचाया जा सके और अपराधियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित हो।
बैंक, एटीएम और ज्वेलरी शॉप की सुरक्षा होगी मजबूत
बैंक, एटीएम और ज्वेलरी शॉप की सुरक्षा की समीक्षा करते हुए एसएसपी ने संबंधित संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने बैंकों को निर्देश दिया कि बैंक परिसर और एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे हमेशा क्रियाशील रहें तथा आवश्यकता के अनुरूप पर्याप्त सुरक्षा गार्ड की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
एसएसपी ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में बैंक, एटीएम और ज्वेलरी शॉप की सुरक्षा ऑडिट करने तथा इन स्थानों पर नियमित निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। पुलिस पदाधिकारी संबंधित प्रतिष्ठानों के संचालकों और बैंक प्रबंधन के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षा संबंधी कमियों को दूर कराएं। संवेदनशील स्थानों पर गश्ती और निगरानी को भी प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया।
आईटी एक्ट और पॉक्सो एक्ट के लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन
बैठक के दौरान आईटी एक्ट और पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई। एसएसपी ने संबंधित पदाधिकारियों को इन मामलों में अनुसंधान की प्रगति पर विशेष ध्यान देने तथा लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में संवेदनशीलता, गंभीरता और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए समयबद्ध कार्रवाई की जाए। साथ ही अनुसंधान में अनावश्यक विलंब से बचने और साक्ष्यों के संकलन पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
दुर्गा पूजा को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए बैठक में विशेष रणनीति पर चर्चा की गई। एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि त्योहार के दौरान आम नागरिकों की सुरक्षा, विधि-व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं को सुगम आवागमन उपलब्ध कराने के लिए धनबाद पुलिस की ओर से व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था चौकस रखी जाएगी और पूजा पंडालों सहित संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी की जाएगी।
उन्होंने बताया कि दुर्गा पूजा के दौरान पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। धनबाद पुलिस के नियमित बल के साथ होमगार्ड, चौकीदार और अतिरिक्त बल की भी व्यवस्था की जा रही है ताकि जिले के सभी प्रमुख क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी सुनिश्चित की जा सके। त्योहार के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिसकर्मियों की छुट्टियां भी रद्द कर दी गई हैं ताकि सुरक्षा व्यवस्था में पर्याप्त मानव संसाधन उपलब्ध रहे।
यातायात व्यवस्था के लिए रूट में बदलाव, नो-एंट्री और वन-वे लागू होंगे
दुर्गा पूजा के दौरान पूजा पंडालों और प्रमुख मार्गों पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष योजना तैयार की जा रही है। एसएसपी ने बताया कि आवश्यकता के अनुसार प्रमुख मार्गों पर यातायात परिवर्तन किया जाएगा। इसके साथ ही नो-एंट्री और वन-वे व्यवस्था लागू की जाएगी ताकि वाहनों का परिचालन व्यवस्थित रहे और अनावश्यक जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।
उन्होंने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को यातायात योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा आम लोगों को मार्ग परिवर्तन की जानकारी समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। परिवर्तित मार्गों पर सड़क की मरम्मत और अन्य आवश्यक सुधार कार्यों के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा विभिन्न इलाकों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी तैयारी की जा रही है जिससे रात के समय श्रद्धालुओं को परेशानी न हो और सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी बनी रहे।
पूजा पंडालों में साइबर सुरक्षा और नशामुक्ति का संदेश
दुर्गा पूजा के दौरान सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सभी पूजा पंडालों में साइबर सुरक्षा और नशामुक्ति को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। एसएसपी ने बताया कि पूजा समितियों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। सभी पूजा समितियों के लिए पंडालों में साइबर सुरक्षा और नशामुक्ति से संबंधित बैनर एवं फ्लैग लगाना अनिवार्य किया गया है।
इस पहल के माध्यम से श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को साइबर अपराध से बचाव, ऑनलाइन धोखाधड़ी के प्रति सतर्कता तथा नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया जाएगा। धनबाद पुलिस का उद्देश्य त्योहार के दौरान सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ समाज में जागरूकता का संदेश देना भी है।
एसएसपी प्रभात कुमार ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अपराध नियंत्रण, लंबित कांडों के निष्पादन और दुर्गा पूजा की तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में पूरी तत्परता से काम करने पर जोर दिया।