कतरास की खबरें:-
सुपर कप फुटबॉल: बारकी और महुदा की टीम सेमीफाइनल में
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): सुपर कप फुटबॉल प्रतियोगिता के तीसरा राउंड के क्वार्टर फाइनल का तीसरा और चौथा मैच रविवार को बिनोद बिहारी महतो स्टेडियम मुरलीडीह में खेला गया।
अर्सलान एफसी पिपराटांड़ बोकारो एवं जूही स्पोर्टिंग भेलाटांड़ बारकी के बीच खेले गए मैच में जूही स्पोर्टिंग ने जीत दर्ज की। हाफ टाइम से पहले ही भेलाटांड़ बारकी के विक्रम कुमार सिंह ने एक गोल मार दिया। हाफ टाइम के बाद कई मुव दोनों ही टीम ने बनाई लेकिन गोल करने में सफल नहीं रही। जूही सपोर्टिंग भेलाटांड़ बारकी ने 1 – 0 से मुकाबले को जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
बिंदु चंदन क्लब चंदनकियारी और यंग इंडिया एफसी महुदा बस्ती के बीच खेले गए मैच में महुदा ने जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। इस मैच में विजेता टीम ने टाइब्रेकर के सहारे चंदनकियारी को 5-4 से हराया।
——————————————————
पार्षद निरुपमा के समर्थन में एकजुट हुए दर्जनों पार्षद, पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
कतरास: कतरास थाना क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार की शिकायत को लेकर उत्पन्न विवाद के बीच रविवार को वार्ड नंबर-5 की पार्षद निरुपमा देवी के लकड़का स्थित आवासीय कार्यालय में दर्जनों पार्षदों की बैठक हुई। बैठक में मामले को लेकर आगे की रणनीति पर चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता वार्ड नंबर-4 के पार्षद राममूर्ति सिंह उर्फ छोटू सिंह ने की। संचालन वार्ड नंबर-2 के पार्षद शहाबुद्दीन अंसारी ने किया। बैठक में पार्षदों ने अवैध कोयला कारोबार की शिकायत के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
पार्षदों के अनुसार, 24 सितंबर को अवैध कोयला कारोबार की सूचना मिलने के बाद संबंधित अधिकारियों को मामले की शिकायत की गई थी। बैठक में मांग की गई कि शिकायत में बताए गए तथ्यों की निष्पक्ष जांच कर अवैध कोयला कारोबार में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
बैठक में वार्ड नंबर-5 की पार्षद निरुपमा देवी के साथ कतरास थाना प्रभारी द्वारा कथित दुर्व्यवहार किए जाने का मुद्दा भी उठाया गया। पार्षदों ने वरीय पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। साथ ही निरुपमा देवी को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई।
बैठक में उपस्थित पार्षदों ने कहा कि मामले को लेकर 30 सितंबर को कतरास क्लब, सिजुआ में होने वाली बैठक में आगे की कार्रवाई पर सामूहिक रूप से निर्णय लिया जाएगा।
पार्षदों ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने तथा जनप्रतिनिधियों एवं आम लोगों की शिकायतों पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित कराना है। मौके पर मौजूद पार्षदों में सोनाली कुमारी (वार्ड 35), कल्पना महतो (वार्ड 6), काजल कुमारी
(वार्ड 40),अनु रंजन कुमार सिंह (वार्ड 41), देवाशीष पासवान (वार्ड 10) , मो. अलीम अंसारी (वार्ड 48). अजीत महतो (वार्ड 52), गणेश महतो (वार्ड 53), चंदन महतो (वार्ड 39), तारामुनी देवी (वार्ड 47),. मो. शहाबुद्दीन (वार्ड 2), गुड़िया देवी (वार्ड 37). प्रिया रंजन (वार्ड 25), उर्मिला (वार्ड 21), मो. नीम (वार्ड 14), गौरी देवी, सुनैना पासवान (वार्ड 9), करमी देवी (वार्ड 13), मो. अल्ताफ आलम (वार्ड 43), शैलेंद्र कुमार सिंह (वार्ड 37), योगेंद्र सिंह, रामेश्वर तुरी (वार्ड 8), पिंकू चंद्रवंशी (वार्ड 45) आदि मौजूद थे।