कतरास के अंगारपथरा में नगदी समेत 20 लाख के जेवरात की चोरी
नशीली दवा का छिड़काव कर वारदात को दिया अंजाम
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): अंगारथरा ओपी क्षेत्र के अंगारपथरा में मंगलवार की रात अपराधियों ने एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देकर इलाके में सनसनी फैला दी। अपराधियों ने घर में मौजूद परिवार के सदस्यों पर कथित तौर पर नशीली दवा का छिड़काव किया और घर में रखे 20 हजार रुपये नगद समेत करीब 15 से 20 लाख रुपये मूल्य के सोना-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। वारदात के समय घर में परिवार के पांच सदस्य मौजूद थे, लेकिन किसी को अपराधियों की भनक तक नहीं लगी।
पीड़ित परिवार के अनुसार, अपराधी घर से तीन सोने की चेन, तीन सेट झुमका, गले के तीन सेट, जिसमें एक सेट में हीरे का लॉकेट लगा था, दो सेट अंगूठी, पांच नथ, मंगलसूत्र, मांगटीका, जितिया तथा चांदी के सिक्के समेत अन्य कीमती सामान ले गए। इसके अलावा घर में रखे करीब 20 हजार रुपये नगद भी अपराधियों ने चुरा लिए।
घटना के समय घर में परिवार के पांच सदस्य मौजूद थे। बताया जा रहा है कि अपराधियों ने नशीली दवा का छिड़काव कर वारदात को अंजाम दिया, जिसके कारण परिवार के सदस्यों को चोरी की घटना की जानकारी नहीं हो सकी। बुधवार सुबह घर का नजारा देख परिवार के लोग दंग रह गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस चोरी की घटना से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है तथा अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।
सीआईएसएफ कैंप के बगल में हुई इस बड़ी चोरी की घटना से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था के बीच अपराधियों द्वारा इस तरह की बड़ी वारदात को अंजाम देना चिंता का विषय है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।