30 हजार रिश्वत लेते साइबर थाना का दारोगा गिरफ्तार, ACB ने रंगे हाथ दबोचा
डीजे न्यूज, गिरिडीह: गिरिडीह से इस वक्त बड़ी खबर सामने आई है। धनबाद एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने बुधवार को गिरिडीह साइबर थाना के सब इंस्पेक्टर पुनीत कुमार को 30 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई साइबर थाना के गेट के समीप किए जाने की जानकारी सामने आई है।
बताया जाता है कि सब इंस्पेक्टर पुनीत कुमार के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत धनबाद ACB से की गई थी। शिकायत का सत्यापन कराने के बाद ACB की टीम ने जाल बिछाया। बुधवार को जैसे ही सब इंस्पेक्टर ने कथित तौर पर 30 हजार रुपये की रिश्वत ली, पहले से तैयार ACB की टीम ने उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया।
गिरफ्तारी की कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। ACB की टीम गिरफ्तार सब इंस्पेक्टर को अपने साथ धनबाद ले गई है। इसके बाद मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
हालांकि, रिश्वत की रकम किस मामले में मांगी गई थी, इसकी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है। धनबाद ACB की आधिकारिक जानकारी के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद गिरिडीह पुलिस महकमे में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।