99 ग्रुप के ‘अपना दीया, अपनी दिवाली’ कार्यक्रम का भव्य आगाज

99 ग्रुप के ‘अपना दीया, अपनी दिवाली’ कार्यक्रम का भव्य आगाज

वंदे मातरम् , संस्कृति और देशभक्ति के रंग में रंगा आयोजन

महापुरुषों के चित्रों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन, 7 नवंबर तक चलेगा कार्यक्रम

डीजे न्यूज, धनबाद: दीपावली केवल दीप जलाने और घरों को रोशन करने का त्योहार नहीं है, बल्कि यह भारतीय संस्कृति, परंपरा, सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे का भी प्रतीक है। इसी भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 99 ग्रुप ऑफ कंपनीज की ओर से प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी ‘अपना दीया, अपनी दिवाली’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। शनिवार को मेमको मोड़ स्थित रामाजी कॉम्प्लेक्स के 99 जी कॉरपोरेट कार्यालय परिसर में इस कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ हुआ। 99 ग्रुप के सीएमडी श्याम पांडेय ने बताया कि इस बार वंदे मातरम् गीत के 150 वर्ष पूरे होने पर पूरे ऑडिटोरियम को सजाया गया है।

कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन झारखंड सरकार के मुख्य सचेतक सह टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो, धनबाद सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, समाजसेवी उदय प्रताप सिंह एवं 99 ग्रुप ऑफ कंपनीज के सीएमडी श्याम पांडेय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन के साथ ही पूरा परिसर उत्सव के रंग में रंग गया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि मथुरा प्रसाद महतो ने कहा कि 99 ग्रुप ऑफ कंपनीज हमेशा सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी निभाता रहा है। ‘अपना दीया, अपनी दिवाली’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, सामाजिक परंपराओं और देशभक्ति की भावना को प्रदर्शित करने का एक बेहतर माध्यम है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में महापुरुषों के चित्रों के माध्यम से उनके योगदान को याद किया जा रहा है। यह देखकर काफी अच्छा लग रहा है कि दीपावली के उत्सव के साथ-साथ नई पीढ़ी को देश के महापुरुषों और उनके विचारों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने इस अनूठी पहल के लिए 99 ग्रुप की पूरी टीम को बधाई दी।

वहीं, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में सकारात्मक संदेश देने के साथ-साथ लोगों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का काम करते हैं। दीपावली जैसे त्योहार के अवसर पर सामाजिक एकता, आपसी सौहार्द और जिम्मेदारी की भावना को आगे बढ़ाना सराहनीय पहल है।

समाजसेवी उदय प्रताप सिंह ने भी आयोजन की प्रशंसा करते हुए कहा कि वर्तमान समय में ऐसे कार्यक्रमों की काफी आवश्यकता है, जो समाज के लोगों को एक मंच पर लाने के साथ-साथ हमारी सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता को मजबूत करें। उन्होंने 99 ग्रुप की इस पहल को सराहनीय बताया।

कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण स्कूली बच्चों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं। संत जेवियर इंटरनेशनल स्कूल के बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों और दर्शकों का मन मोह लिया। इस दौरान स्कूल प्रबंधन की ओर से सत्यम राय भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में 99 ग्रुप के सीईओ रामप्रताप सिंह ने सभी अतिथियों, गणमान्य लोगों, स्कूली बच्चों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि 99 ग्रुप का प्रयास है कि प्रत्येक वर्ष दीपावली के अवसर पर इस तरह का आयोजन किया जाए, जिससे समाज में भारतीय संस्कृति, सामाजिक सद्भाव, आपसी भाईचारे और राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रोत्साहन मिले। उन्होंने कहा कि ‘अपना दीया, अपनी दिवाली’ के माध्यम से लोगों को अपनी संस्कृति और देश की गौरवशाली विरासत से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने जानकारी दी कि यह कार्यक्रम 7 नवंबर तक चलेगा। इस दौरान विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से दीपावली के त्योहार को एक अलग पहचान देने के साथ-साथ समाज में सकारात्मकता और सांस्कृतिक चेतना का संदेश प्रसारित किया जाएगा।

कार्यक्रम में सेंट जेवियर्स स्कूल के बच्चों ने भी भाग लिया। मौके पर  99 ग्रुप के वाइस प्रेसिडेंट महेश मोदी, डॉ अमित रंजन, मिथिलेश सिंह, सत्यम राय, राजेश तिवारी, शैलेन्द्र शर्मा, भानु सोनी समेत सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद थे।

अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया और सभी को स्वच्छ व आत्मनिर्भर दिवाली मनाने का संदेश दिया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top