हुसैनाबाद मध्य विद्यालय में सरदार पटेल की जयंती एवं इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर विशेष आयोजन
डीजे न्यूज, हुसैनाबाद,पलामू : राजकीयकृत मध्य विद्यालय हुसैनाबाद में शनिवार को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की 42वीं पुण्यतिथि श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत नियमित प्रार्थना, राष्ट्रीय गीत, राष्ट्रगान और संविधान की प्रस्तावना के पाठ से हुई। इसके बाद दोनों महान विभूतियों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
इस अवसर पर शिक्षिका सुषमा पांडेय ने जेसीईआरटी की ओर से भेजे गए न्यूज प्लस क्विज का वाचन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को विभिन्न विषयों की जानकारी सरल और रोचक तरीके से दी। साथ ही सरदार पटेल और इंदिरा गांधी के जीवन, व्यक्तित्व तथा देश के प्रति उनके योगदान को विस्तार से समझाया।
उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने स्वतंत्रता के बाद देश की सैकड़ों रियासतों के एकीकरण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति और कुशल नेतृत्व के कारण उन्हें भारत का बिस्मार्क और लौह पुरुष कहा जाता है। बारदोली सत्याग्रह में उनके नेतृत्व के बाद उन्हें सरदार की उपाधि मिली थी। देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
वहीं इंदिरा गांधी के योगदान पर चर्चा करते हुए उन्होंने पोखरण परमाणु परीक्षण, 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध, बांग्लादेश के गठन, गरीबी हटाओ नारे और बीस सूत्रीय कार्यक्रम का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी ने देश की राजनीति और शासन व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 31 अक्टूबर 1984 को उनकी हत्या कर दी गई थी।
शिक्षिका ने कहा कि सरदार पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है। दोनों महान विभूतियों के जीवन से हमें देशभक्ति, दृढ़ संकल्प, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा मिलती है। उनके आदर्शों को आत्मसात कर ही देश की एकता और मजबूती को कायम रखा जा सकता है।
मौके पर प्रधानाध्यापक कन्हैया प्रसाद, वरीय शिक्षक राजेश कुमार गुप्ता, राजेश कुमार सिन्हा, शिक्षिका पूनम कुमारी, रश्मि प्रकाश और कंप्यूटर शिक्षक प्रमोद मेहता सहित अन्य उपस्थित थे।