कोडरमा जा रहे युवक की ट्रेन से कटकर मौत
डीजे न्यूज, सरिया,गिरिडीह : मंगलवार की सुबह हजारीबाग रोड रेलवे स्टेशन के समीप एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ ट्रेन की चपेट में आने से एक 35 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान बागोडीह निवासी रामजी पासवान (उम्र लगभग 35 वर्ष) के रूप में हुई है, जो बासुदेव पासवान के पुत्र थे।
स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, रामजी पासवान हर दिन की तरह मंगलवार सुबह भी अपने घर से कोडरमा जाने के लिए निकले थे। वह रोजाना हजारीबाग रोड से इंटरसिटी ट्रेन पकड़कर अपने काम पर कोडरमा जाया करते थे। आज सुबह भी वह स्टेशन की ओर जा रहे थे, लेकिन इसी दौरान वह डाउन ट्रैक पर आ रही एक तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गए। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि रामजी पासवान डाउन ट्रैक पर आ रही ट्रेन की चपेट में कैसे आए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और भारी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों द्वारा घटना की सूचना रेलवे पुलिस (GRP) और स्थानीय थाने को दे दी गई है, जिसके बाद पुलिस मामले की छानबीन और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।