किसान जनता पार्टी ने किया प्रदर्शन, दिया धरना 

Advertisements

किसान जनता पार्टी ने किया प्रदर्शन, दिया धरना 

रैयतों की जमीन बेचने और रजिस्टर-2 के नाम पर वसूली का अंचल अधिकारी पर लगाया आरोप 

डीजे न्यूज, गिरिडीह : अंचल अधिकारी द्वारा कथित गरीब रैयतों की जमीन बेचने और रजिस्टर-2 देने के नाम पर वसूली के विरोध में किसान जनता पार्टी ने मंगलवार को झंडा मैदान में धरना दिया। वहीं शहर में बैनर-तख्ती के साथ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन करते हुए कार्यकर्ता अम्बेडकर चौक, काली बाड़ी चौक होते हुए वीर कुंवर सिंह चौक पहुंचे। वीर कुंवर सिंह पर कुंवर सिंह की प्रतिमा, गांधी चौक बापू की प्रतिमा और अम्बेडकर चौक में डॉ. भीमराव अम्बेडकर को माल्यार्पण कर भ्रष्टाचार के खिलाफ अंतिम दम तक लड़ने का संकल्प लिया।

धरना प्रदर्शन में पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सह अधिवक्ता अवधेश कुमार सिंह ने कहा कि झारखंड हाईकोर्ट ने 27 फरवरी 2024 को रिट याचिका 5925/2022 में गिरिडीह के सभी मौजा का रजिस्टर-2 सत्यापित प्रति उपलब्ध कराने का आदेश दिया था। यदि पूरे मौजा का रजिस्टर-2 एक साथ दिया गया होता तो सुखदेव महतो जैसे सैकड़ों रैयतों की जमीन में अंचल अधिकारी बैक डेट से भू-माफियाओं का नाम दर्ज नहीं कर पाते। उन्होंने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधि के संरक्षण में तिसरी, गिरिडीह और बेंगाबाद के सीओ रजिस्टर-2 देने से इंकार कर रहे हैं। अवधेश सिंह ने कहा कि अब हाईकोर्ट ने ऑनलाइन रजिस्टर-2 में सीओ का डिजिटल हस्ताक्षर अनिवार्य किया है और कहा है कि यह मूल रजिस्टर-2 की मिरर कॉपी होनी चाहिए। आशंका है कि डिजिटल हस्ताक्षर से पहले मूल रजिस्टर-2 में फेरबदल किया जा सकता है। इसलिए रैयतों को एकजुट होकर संघर्ष करना होगा। तिसरी अंचल अध्यक्ष नीलम कुमारी ने कहा कि 32 मौजा के रजिस्टर-2 के लिए रुपया जमा कराया गया है, नाजिर रसीद मौजूद है। प्रशासन जेल भेजे या लाठी चलाए, रजिस्टर-2 देना ही पड़ेगा। कार्यालय सचिव विजय कुमार ने कहा कि मृत पूर्वजों की जमीन जीवित वारिसों के नाम और भूदानी-बंदोबस्ती पर्चाधारियों के नाम लगान रसीद जारी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन के बाद मुख्य सचिव के नाम एसडीएम गिरिडीह को 5 सूत्री ज्ञापन सौंपा गया। धरना में सुखदेव महतो, राजेन्द्र यादव, दासो मुर्मू, घनश्याम पंडित, कामेश्वर मंडल, जहांगीर अंसारी, खुशबू देवी, सरिता देवी, मालती देवी समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top