जैन साधुओं के चातुर्मास व पदविहार में सुरक्षा व विश्राम का हो पुख्ता प्रबंध : ज्योति सिंह मथारू

Advertisements

जैन साधुओं के चातुर्मास व पदविहार में सुरक्षा व विश्राम का हो पुख्ता प्रबंध : ज्योति सिंह मथारू

झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष ने मुख्य सचिव अविनाश कुमार से मिलकर की मांग 

डीजे न्यूज, पीरटांड़(गिरिडीह) : झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष ज्योति सिंह मथारू ने मंगलवार को मुख्य सचिव अविनाश कुमार से मुलाकात कर जैन समाज के साधु-साध्वियों के चतुर्मास एवं पदविहार के दौरान सुरक्षा तथा विश्राम की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि 25 जुलाई से साधु-साध्वियों का पदविहार एवं चतुर्मास कार्यक्रम शुरू होगा। इस दौरान उनका राज्य के विभिन्न जिलों से होकर आवागमन होगा।

मथारू ने राज्य के उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग करते हुए कहा कि साधु-साध्वियों के ठहराव के लिए सामुदायिक भवनों, धर्मशालाओं एवं अन्य उपयुक्त परिसरों में व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही पेयजल, स्वच्छता, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता के लिए प्रशासनिक समन्वय भी जरूरी है। मुख्य सचिव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। शाश्वत ट्रस्ट, मधुबन के प्रबंधक संजीव जैन ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे साधु-साध्वियों के पदविहार के दौरान आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों को दूर करने में मदद मिलेगी। वहीं समाजसेवी ए सईदी ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि अल्पसंख्यक समुदायों की धार्मिक गतिविधियों के दौरान प्रशासनिक सहयोग सुनिश्चित होना चाहिए।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top