केनरा बैंक का फर्जी अधिकारी बनकर ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा, चार गिरफ्तार 

केनरा बैंक का फर्जी अधिकारी बनकर ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा, चार गिरफ्तार

नौ मोबाइल और 10 सिम कार्ड जब्त

 फोनपे पर 999 रुपये कैशबैक का मैसेज भेजकर लोगों को बनाते थे शिकार

डीजे न्यूज, जामताड़ा : जामताड़ा पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक (साइबर अपराध) अमित रविदास के नेतृत्व में गठित छापामारी दल ने नारायणपुर थाना क्षेत्र के बांका गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय के बरामदे और करमाटांड़ थाना क्षेत्र के शीतलपुर मैदान में छापामारी कर इन अपराधियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के पास से नौ मोबाइल फोन और 10 सिम कार्ड जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपितों में एक जामताड़ा साइबर अपराध थाना कांड संख्या 40/26 में भी आरोपित है।

गिरफ्तार आरोपितों में तीन करमाटांड़ क्षेत्र के

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों में नारायणपुर थाना क्षेत्र के तारासेठिया गांव निवासी अनवर मियां का 28 वर्षीय पुत्र हासीम अंसारी शामिल है। वहीं, करमाटांड़ थाना क्षेत्र के रटनिया गांव निवासी जब्बार मियां का 31 वर्षीय पुत्र सैयद अंसारी, ताराबहाल गांव निवासी सकुर अंसारी का 26 वर्षीय पुत्र कोसर अंसारी और निजाम मियां का 19 वर्षीय पुत्र अफताब हुसैन गिरफ्तार किए गए हैं। सभी आरोपित जामताड़ा जिले के निवासी हैं।

केनरा बैंक का फर्जी अधिकारी बनकर करते थे ठगी

पुलिस की प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी के दो तरीके सामने आए हैं। आरोपित केनरा बैंक का फर्जी बैंक अधिकारी बनकर लोगों को निशाना बनाते थे। इसके अलावा फोनपे पर 999 रुपये कैशबैक का मैसेज भेजकर ग्राहकों को उसे स्वीकार (एक्सेप्ट) करने के लिए कहते थे। जैसे ही ग्राहक मैसेज को स्वीकार करता था, आरोपितों के फर्जी एप में पैसे आने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, इनका कार्यक्षेत्र मुख्य रूप से देश के विभिन्न राज्यों में फैला हुआ है।

साइबर अपराध थाना में मामला दर्ज

इस मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 63/26, दिनांक 03 अक्टूबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 111(2)(b), 318(4), 319(2), 336(3), 338, 340(2) एवं 3(5), आईटी एक्ट की धारा 66(B)(C)(D) तथा टेलीकम्युनिकेशंस एक्ट, 2023 की धारा 42(3)(e) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हुई कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक (साइबर अपराध) अमित रविदास के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया था। दल में पुलिस निरीक्षक सह साइबर अपराध थाना प्रभारी राजेश मंडल, पुलिस निरीक्षक विकास कुमार तिवारी और पुलिस अवर निरीक्षक हीरालाल महतो शामिल थे। छापामारी में रिजर्व गार्ड के आरक्षी एवं हवलदार भी शामिल रहे।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित हासीम अंसारी के विरुद्ध जामताड़ा साइबर अपराध थाना कांड संख्या 40/26 में भी आरोपित होने का मामला दर्ज है। पुलिस जब्त मोबाइल फोन और सिम कार्ड की जांच के साथ साइबर ठगी से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top